गाजियाबाद

निराश्रित गोवंश संरक्षण को लेकर प्रशासन सख्त

गोआश्रय स्थलों की समीक्षा बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : निराश्रित गोवंश के संरक्षण, समुचित भरण-पोषण और बेहतर रख-रखाव को सरकार ने अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है। इसी क्रम में आज 24 जनवरी 2026 को गाजियाबाद जनपद के गोआश्रय स्थलों से जुड़ी समस्याओं पर विचार-विमर्श एवं कमियों के समाधान हेतु एक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव गोपाल ने की। इसमें ग्राम्य विकास विभाग के समस्त खंड विकास अधिकारी, नगर विकास विभाग के अधिशासी अधिकारी, राजस्व विभाग के तहसीलदार, पंचायती राज विभाग के जिला पंचायत राज अधिकारी तथा पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्देश दिए गए कि गोचर भूमि, एलएमसी भूमि एवं शत्रु संपत्ति पर फरवरी माह तक चारा उत्पादन सुनिश्चित किया जाए, जिससे संरक्षित गोवंश के भरण-पोषण की उचित व्यवस्था हो सके। शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए गोआश्रय स्थलों पर ठंड से बचाव के लिए पर्दे एवं अन्य आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही नए गोआश्रय स्थलों के निर्माण के लिए आधा हेक्टेयर से एक हेक्टेयर तक भूमि चिन्हित करने, गोवंश को इच्छुक व्यक्तियों को सुपुर्दगी में दिए जाने तथा गोआश्रय पोर्टल पर प्रतिदिन भरण-पोषण सामग्री का विवरण दर्ज करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को समय से फंड रिक्वेस्ट भेजने और निराश्रित गोवंश से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गोवंश संरक्षण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button