असम के तीनसुकिया में मंत्री केशव महंत
डुमडुमा में मंत्री रूपेश गोवाला द्वारा गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम : देश के अन्य हिस्सों की तरह ही कल असम के तीनसुकिया जिले में भी 77 वें गणतंत्र दिवस व्यापक उत्साह के साथ मनाया गया। बरगुड़ी के लोरा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के खेलस्थल पर आयोजित जिला प्रशासन के मुख्य समारोह में राजस्व, तथ्य एवं विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री केशव महंत ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर दिए गए भाषण में उन्होंने तीनसुकिया जिले के गौरवपूर्ण इतिहास और परंपराओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पूर्व में चुटिया, अहोम, मरान-मटक, चिंगफौ आदि स्वतंत्र राज्यों की शुरुआत यहीं हुई थी। देश का पहला तेल खाद, शोधनागार यहीं स्थापित हुआ था। असम के औद्योगिकीकरण की शुरुआत इसी जिले से हुई, ऐसा उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी विरासत वाले जिले में आज ध्वजारोहण समारोह में भाग लेने का उन्हें गौरव अनुभव हो रहा है। उन्होंने सरकार के विकासात्मक कदमों का भी उल्लेख किया। इसके बाद आकर्षक परेड का अभिवादन ग्रहण किया। इसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, असम राइफल्स, गृहरक्षी बल, नागरिक प्रतिरक्षा, एनसीसी, स्काउट एंड गाइड के अलावा विभिन्न महाविद्यालय और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कई सांस्कृतिक दलों ने भी सुंदर प्रदर्शन किया। परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार वितरित किए। समारोह में जिला आयुक्त सुमित सत्तावन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मायंक कुमार उपस्थित रहे। समारोह में प्रशासन के सभी अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा हजारों स्थानीय निवासी उपस्थित थे। सुबह 5 बजे से जिला तथ्य एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित प्रभात फेरी से शुरू होकर गणतंत्र दिवस के अवसर पर 7.30 बजे सभी सरकारी कार्यालयों में विधिवत राष्ट्र ध्वजारोहण किया गया। तीनसुकिया सिविल अस्पताल, चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में भर्ती रोगी, जिला कारागार और माकूम के केशव भेटी अनाथालय तथा तीनसुकिया के ज्ञानांकुश अनाथालय के निवासियों में फल-मूल, मिठाई आदि वितरित किए गए। दोपहर में उक्त खेलस्थल पर एक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच भी आयोजित हुआ। इधर डुमडुमा सम-जिला प्रशासन के गणतंत्र दिवस पर पहली बार कैबिनेट मंत्री ने ध्वजारोहण किया। स्थानीय विधायक तथा श्रम मंत्री रूपेश गोवाला ने डुमडुमा में ध्वजारोहण कर परेड का अभिवादन ग्रहण किया। इसी प्रकार जिले के सदिया, मार्घेरिटा , डिगबाई और माकूम सम-जिलों में भी गणतंत्र दिवस मनाया गया। संबंधित सम-जिला आयुक्तों ने उक्त समारोहों में ध्वजारोहण किया।



