मथुरा
गोपेश्वर कैलाश मठ के सेवादार भी फंसे
महिला ने दान देने का दिया लालच, होटल में बुलाया और कर दिया बड़ा कांड

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। गोपेश्वर कैलाश मठ ट्रस्ट के सेवादार को दिल्ली की महिला ने ट्रस्ट में रकम दान करने का झांसा देकर हनी ट्रैप में फंसा लिया। मंगलवार को सेवादार ने मुलाकात करने के लिए महिला को होटल में बुलाया। थोड़ी देर बाद क्राइम ब्रांच के अधिकारी व पुलिसकर्मी बनकर एक महिला समेत तीन लोग सेवादार के कमरे में पहुंच गए। आरोप है कि सेवादार की आपत्तिजनक फोटो खींची और बंधक बना लिया। दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने लगे। दोस्त की मदद से सेवादार की जान बची। पुलिस ने बुधवार को एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। बरेली के फतेहगंज ईस्ट के गांव पढेरा फरीदपुर निवासी प्रदीप शर्मा ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि वह गोपेश्वर कैलाश मठ ट्रस्ट के सेवादार हैं। वाराणसी के बाद ट्रस्ट वृंदावन में एक और मठ का निर्माण करा रहा है। करीब एक माह पहले उनके मोबाइल पर दिल्ली की रहने वाली सीमा का कॉल आया। सीमा ने ट्रस्ट में कुछ रकम दान करने की इच्छा जताई। इस पर सेवादार तैयार हो गए। इसी बची सेवादार ने कोरियर के माध्यम से महिला के घर मठ का प्रसाद भी भिजवाया। इसके बाद महिला ने मंगलवार को मिलने के लिए उन्हें मथुरा बुलाया। वह वाराणसी से मंगलवार रात 9 बजे मथुरा पहुंचे। एसबीआई चौराहे पर महिला से उनकी मुलाकात हुई। इसके बाद वह महिला को साथ लेकर एक होटल में ठहरने के लिए चले गए। थोड़ी देर बाद एक महिला व तीन लोग उनके कमरे में घुस गए। खुद को क्राइम ब्रांच अधिकारी, पुलिसकर्मी और मीडियाकर्मी बताने लगे। पूछताछ में सीमा ने बताया कि उसने सोनिया समेत अन्य चार के साथ मिलकर सेवादार प्रदीप शर्मा को प्यार के जाल में फंसाकर 50 लाख रुपये हड़पने की साजिश रची थी। 15 दिन पहले सभी ने मिलकर इसकी योजना बनाई और फिर सेवादार को मिलने के लिए मथुरा बुलाया। मंगलवार को होटल में सेवादार को बंधक बना लिया।



