
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। भाई-दूज का पर्व जिला कारागार बरेली में पूर्ण अनुशासन के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। कारागार में निरुद्ध महिला एवं पुरुष बंदियों की उनके परिजनों / भाई-बहनों से मुलाकात कराई गई।
कारागार प्रशासन की ओर से हेल्प डेस्क लगाकर परिजनों का मार्गदर्शन किया गया। बहनों को रोली, दीपक, आरती की सामग्री उपलब्ध कराई गई। पेयजल हेतु वाटर कूलर लगाए गए, टेंट लगाकर व कारपेट बिछाकर साथ-साथ बैठने की उपयुक्त व्यवस्था की गई।
कारागार के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से उपस्थित रहकर भाई-दूज पर्व के व्यवस्थापक एवं सहयोगी बने। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बरेली के निर्देशानुसार कारागार पर पुलिस बल द्वारा सक्रिय, सतर्क सहयोग प्रदान किया गया। कारागार प्रशासन की ओर से ड्यूटी कर्मियों के लिये सूक्ष्म जल-पान एवं लंच की व्यवस्था की गयी। कारागार में निरुद्ध कुल 272 पुरुष बंदियों की उनकी बहनों / परिजनों कुल 535 व्यक्ति, 240 बच्चों एवं 06 पुरुषों ने भाई-दूज के पर्व पर कारागार में निरुद्ध अपनी बहनों कुल 06 महिला बंदियों से मुलाकात की। भाई-दूज का पर्व पूर्ण सौहार्द, प्रेम से एवं सांस्कृतिक रीति-रिवाज से मनाया गया।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक आलोक कुमार शुक्ला, जेलर आनन्द सिंह, जेलर सुशील कुमार वर्मा, उपजेलर वीरेश्वर प्रताप सिंह व देवदत्त, रामगोपाल सिंह हेड जेल वार्डर एवं अशोक कुमार शुक्ला, जेल वार्डर उपस्थित रहे।




