मनरेगा का विश्वास, रोजगार से विकास” अभियान एवं आवास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित
A review meeting was held regarding the progress of MNREGA's "Vishwas, Rozgar se Vikas" campaign and housing schemes.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। मनरेगा के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में संचालित “मनरेगा का विश्वास, रोजगार से विकास” अभियान को प्रभावी एवं सफल बनाने तथा आवास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने समाहरणालय सभागार में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उपायुक्त ने योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों और लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मनरेगा एवं आवास योजनाओं के अंतर्गत संचालित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक लाभुकों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन करना तथा आधारभूत संरचना एवं स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि मजदूरों को 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाए, सक्रिय मजदूरों का कैंप के माध्यम से ई-केवाईसी कराया जाए, और वंचित परिवारों को चिन्हित कर उन्हें मनरेगा योजनाओं से आच्छादित किया जाए। उन्होंने कार्यों के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। साथ ही यह निर्देश दिया कि योजना अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू किया जाए और लंबित योजनाओं का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उपायुक्त ने आवास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए लाभुकों को समय पर आवास उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को लाभुकों का नियमित अनुश्रवण करने और निर्माण कार्यों की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवास निर्माण कार्य पूर्ण किया जा सके। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का भी निर्देश दिया। बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, परियोजना पदाधिकारी एवं जेएसएलपीएस डीपीएम उपस्थित रहे।



