
बीजेपी सांसद सह गायक मनोज तिवारी अपने सुरों का बिखरेंगे जलवा, राघव पंडित के म्यूजिकल फेरे संग संपन्न होगा विवाह समारोह।
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के समृद्ध इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। सिद्धपीठ माँ छिन्नमस्तिका की पावन भूमि रामगढ़ आगामी 8 फरवरी 2026 को एक भव्य सामाजिक क्रांति की साक्षी बनेगी। हजारीबाग के लोकप्रिय सांसद मनीष जायसवाल के नेतृत्व में स्थानीय सिद्धू-कान्हु मैदान में 101 जरूरतमंद जोड़ों का ग्रैंड सामूहिक कन्यादान समारोह आयोजित किया जा रहा है। आयोजन की घड़ियां समीप हैं, मात्र दो दिन शेष हैं और तैयारियां अब अपने चरम पर यानी रेस मोड में हैं। इस वैवाहिक महाकुंभ को यादगार बनाने के लिए ख्याति प्राप्त गायक, अभिनेता एवं सांसद श्री मनोज तिवारी ‘मृदुल’ अपने सुरों का जादू बिखेरेंगे। वहीं विवाह की रस्में किसी राजसी शादी से कम नहीं होंगी। देश-दुनिया में प्रसिद्ध कोलकाता के राघव पंडित और उनकी टीम के ‘म्यूजिकल फेरे’ इस उत्सव का मुख्य आकर्षण होंगे, जहाँ मंत्रोच्चार और संगीत के अनूठे संगम के बीच 101 जोड़े सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन में प्रवेश करेंगे। सांसद मनीष जायसवाल का विजन केवल विवाह संपन्न कराना नहीं, बल्कि इन नव-दम्पत्तियों के भविष्य को सुरक्षित करना भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन केवल ‘घर बसाने’ तक सीमित नहीं है, बल्कि ‘गृहस्थ चलाने’ का भी पुख्ता इंतजाम है। विदाई के समय प्रत्येक जोड़े को दैनिक उपयोग की सामग्रियों के साथ-साथ स्वरोजगार हेतु एक ‘टोटो’ (ई-रिक्शा) भेंट किया जाएगा, ताकि वे स्वावलंबन के साथ अपना जीवन यापन कर सकें। एक सजग जनप्रतिनिधि के रूप में मनीष जायसवाल ने विकास कार्यों के साथ-साथ सामाजिक समरसता को अपनी प्राथमिकता बनाया है। उनका ‘वार्षिक सेवा कैलेंडर’ इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। जनवरी-फरवरी में सामूहिक विवाह, रामनवमी पर सांसद अस्त्र-शस्त्र वितरण, खेलों को बढ़ावा देने के लिए सांसद खेल महोत्सव और विशेषकर नमो फुटबॉल टूर्नामेंट,बुजुर्गों के लिए निरंतर जारी सांसद तीर्थ दर्शन महाअभियान और जरूरतमंद बेटियों को लहंगा भेंट करने से लेकर जरूरतमंद परिवारों के बीच नमो श्राद्ध किट तक उनकी हर पहल समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को संबल प्रदान करती है। सांसद सामूहिक विवाह उत्सव-2026 को लेकर हजारीबाग और रामगढ़ के जन-जन में भारी उत्साह है। चयनित 101 जोड़ों में कई दिव्यांग जन और ऐसे युवा शामिल हैं जिनके सिर से माता-पिता का साया उठ चुका है। उनके लिए सांसद मनीष का यह प्रयास किसी वरदान से कम नहीं है। पूरे क्षेत्र को बैनर, पोस्टर और फ्लेक्स से सजा दिया गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों के सक्रिय सहयोग से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि लाखों लोग इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें। आयोजन के संबंध में सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि एक पवित्र सामाजिक पहल है। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुँचकर इन बेटियों और बेटों को अपना आशीर्वाद दें। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि समाज के वंचित वर्ग के चेहरों पर मुस्कान लाना ही राजनीति का असली उद्देश्य है और इसी उद्वेश्य की पूर्ति के लिए वे ऐसे आयोजन तब तक करते रहेंगे जबतक ईश्वर उन्हें शक्ति प्रदान करेंगे।



