नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई वेब सीरीज़ ‘घूसखोर पंडत’ को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। उत्तर प्रदेश के लोनी से विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने इस सीरीज़ पर अपनी कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे देश की सामाजिक एकता और सौहार्द के लिए खतरा बताया है। उन्होंने सूचना एवं प्रसारण मंत्री, भारत सरकार को पत्र लिखकर सीरीज़ पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
विधायक गुर्जर का आरोप है कि वेब सीरीज़ का नाम और संवाद एक विशेष समाज को जानबूझकर अपराध और भ्रष्टाचार से जोड़ते हैं, जिससे उस वर्ग की छवि धूमिल होती है। उनका कहना है कि इस तरह का कंटेंट सामाजिक विद्वेष फैलाने के साथ-साथ सांस्कृतिक अपमान भी करता है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी वेब सीरीज़ से समाज में तनाव और आक्रोश बढ़ सकता है, जो भविष्य में कानून-व्यवस्था की गंभीर समस्या, हिंसा या दंगों का रूप ले सकता है। विधायक के अनुसार यह मामला केवल अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का नहीं, बल्कि संविधान की मर्यादा, सामाजिक जिम्मेदारी और आंतरिक सुरक्षा से जुड़ा है।
अपने पत्र में उन्होंने मांग की है कि ‘घूसखोर पंडत’ पर शीघ्र प्रतिबंध लगाया जाए, आपत्तिजनक दृश्यों और संवादों को इससे हटाया जाए तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में किसी भी जाति, वर्ग या समुदाय को अपमानित करने वाले कंटेंट के लिए कड़े दिशा-निर्देश लागू करने की सरकार से भी अपील की है।
फिलहाल इस मामले को लेकर नेटफ्लिक्स या संबंधित निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन विवाद बढ़ने के साथ यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है।


