
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश कैबिनेट द्वारा नोएडा में मेट्रोपॉलिटन कॉरपोरेशन के गठन के प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने पर जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों में खुशी की लहर है। इस फैसले को नोएडा वासियों के लिए नववर्ष का बड़ा तोहफा बताते हुए खतौली विधायक मदन भैया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है।
मदन भैया ने कहा कि यह निर्णय लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। मेट्रोपॉलिटन कॉरपोरेशन के गठन से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के नागरिकों को अपनी स्थानीय सरकार चुनने का अधिकार मिलेगा, जिससे क्षेत्र की अनेक जमीनी समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उन समाजसेवियों के लंबे संघर्ष का परिणाम भी है, जो वर्षों से पंचायत पुनर्गठन और नगर निगम पुनर्गठन की मांग कर रहे थे। विशेष रूप से समाजसेवी श्री कर्मवीर नागर प्रमुख को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि बीते 5–6 वर्षों से वे लगातार इस विषय को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहे थे।
मदन भैया ने बताया कि श्री कर्मवीर नागर प्रमुख ने पंचायत और नगर निगम पुनर्गठन से आम नागरिकों को होने वाले लाभों को लेकर सरकार को अनेक बार पत्राचार किया। स्वयं उन्होंने भी इस मांग के समर्थन में उत्तर प्रदेश सरकार को लिखित रूप से अवगत कराया था।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा मेट्रोपॉलिटन कॉरपोरेशन गठन को कैबिनेट में मंजूरी दिया जाना यह दर्शाता है कि जनभावनाओं को गंभीरता से सुना गया है। उन्होंने इसे नोएडा वासियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई दी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उत्तर प्रदेश कैबिनेट का विशेष आभार व्यक्त किया


