मथुरा
मथुरा में पीजी और हॉस्टल राम भरोसे, मौत का कोन जिम्मेदार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। मानसून के चलते मथुरा-वृंदावन के घने व संकरे इलाकों में बिना नक्शा पास कराए संचालित पेइंग गेस्ट हाउस (पीजी) और हॉस्टल बड़े हादसों को न्योता दे रहे हैं। जिले में कई बड़े शिक्षण संस्थान होने के चलते यहां बड़ी संख्या में पीजी संचालित हैं। बीएसए कॉलेज रोड, कृष्ण नगर, महोली रोड और गोवर्धन रोड की तंग गलियों में दर्जनों आवासीय मकानों को नियमों के विपरीत व्यावसायिक पीजी में तब्दील कर दिया गया है। इन इमारतों की न तो फायर सेफ्टी एनओसी है और न ही आपातकालीन निकास की कोई व्यवस्था। लगातार हो रही मानसूनी बारिश से इन इमारतों की नींव कमजोर होने का खतरा बढ़ रहा है, जिससे हजारों छात्रों की सुरक्षा राम भरोसे है। हालांकि जिला प्रशासन ने दिल्ली की घटना को संज्ञान में लेते हुए शहर में बिना मानकों के चल रहे पीजी और व्यावसायिक हॉस्टलों की जांच के निर्देश दिए हैं। संबंधित विभागों की टीमें जल्द ही जर्जर भवनों का सर्वे करेंगी। सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र ने बताया कि सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए जर्जर भवनों की जांच कराई जाएगी। अगर बिना मानक के ऐसे भवन संचालित मिलेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



