गाजियाबाद

6% प्लॉट अधिकार को लेकर किसानों का विकास प्राधिकरण पर दबाव

10 मार्च को अंतिम वार्ता; समाधान न मिलने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद) : भोपुरा गांव के किसानों के वर्षों से लंबित 6 प्रतिशत प्लॉट अधिकार के मुद्दे को लेकर आज भारतीय किसान यूनियन अंबावता के पदाधिकारी एवं स्थानीय किसान विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष  नंदकिशोर कलाल से  मिले। किसानों ने अपनी मांगों को मजबूती से रखते हुए उनके जल्द समाधान की मांग की।
बैठक के दौरान किसानों ने बताया कि यह मामला कई वर्षों से लंबित है और अधिकारी बदलने के साथ हर बार प्रक्रिया फिर से शुरू हो जाती है। उनका आरोप है कि विकास प्राधिकरण लगातार टालमटोल और अनिश्चित रवैया अपनाता रहा है, जिससे किसानों को बार-बार अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने किसानों से 10 दिन का समय मांगा और बताया कि 6% प्लॉट आवंटन के लिए एक समिति का गठन किया गया है तथा पूरी फाइल का अध्ययन कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों को प्लॉट दिए जाएंगे, लेकिन कोई निश्चित समय सीमा बताने से इनकार किया। इस अस्पष्ट जवाब से किसान असंतुष्ट और नाराज नजर आए।
किसानों ने निर्णय लिया कि 10 मार्च 2026 को अंतिम बार अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। यदि उस दिन तक स्पष्ट, लिखित और संतोषजनक समाधान नहीं मिलता है तो किसान अपनी जमीनों को घेरने और भोपुरा चौक पर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
भारतीय किसान यूनियन अम्बावत के
जिलाध्यक्ष अमित कसाना ने चेतावनी देते हुए कहा कि अब किसान किसी भी प्रकार की गुमराह करने की नीति को स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार किसान अपने अधिकारों के लिए निर्णायक कदम उठाएंगे और किसी भी अप्रिय स्थिति की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन और विकास प्राधिकरण की होगी।
किसानों ने मांग की कि उन्हें उनका कानूनी हक तुरंत दिया जाए और उन्हें गुमराह करना बंद किया जाए, अन्यथा बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन अम्बावत के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज यादव, युवा प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव, मेरठ मंडल अध्यक्ष संदीप बंसल, मंडल उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार, जिला अध्यक्ष गाजियाबाद अमित कसाना, किसान नेता नरेंद्र मुखिया, अशोक दरोगा, अशोक कुमार, विक्रम कसाना सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button