नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना बार क्षेत्र के ग्राम खैरा में पुरानी जमीन के विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीडि़त की तहरीर पर आरोपियों पर लाठी-डंडों से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। थाना बार में दर्ज एफआईआर के अनुसार ग्राम खैरा निवासी विषेन्द्र उर्फ बृजराज पुत्र कमलेश यादव ने बताया कि 11 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 3.30 बजे गांव के ही बृजेश पुत्र सूरजभान यादव उसके घर में घुस आया और पुरानी जमीन के विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर बृजेश के साथ उसके पुत्र लवकुश व दिनेश पुत्र सुजान यादव और गजरा पत्नी सूरजभान यादव भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी। पीडि़त को बचाने आए उसके भाई लविम पुत्र कमलेश यादव के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। आरोप है कि जाते-जाते आरोपियों ने दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।