ललितपुर
पड़ोसी दंपति पर महिला से मारपीट व धमकाने का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना महरौनी क्षेत्र के ग्राम मिदरवाहा में आपसी विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने पड़ोसी दंपति के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम निवासी रामकुंवर पत्नी हनुमत अहिरवार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 फरवरी की शाम करीब 7 बजे उनके पड़ोसी शंकरलाल अहिरवार और उनकी पत्नी नीलम द्वारा गाली-गलौज की गई। विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने लात-घूंसों और डंडों से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बीच-बचाव करने आए उनके भाई राजेंद्र के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीडि़ता के अनुसार घटना के बाद उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मारपीट में उन्हें शरीर में कई चोटें आई हैं। पुलिस ने पीडि़ता की तहरीर पर बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से नीलम पत्नी शंकर अहिरवार ने गांव के हनुमत अहिरवार, उनकी पत्नी रामकुंवर तथा राजेंद्र अहिरवार ने उनके घर के बाहर चार पहिया गाड़ी खड़ी कर दी। जब पीडि़ता ने गाड़ी हटाने के लिए कहा तो आरोपियों ने अभद्रता करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 333, 115(2), 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।