असम के कामरूप जिले में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं पर समीक्षा सभा
राज्य आयोग अध्यक्ष वैजनाथ बसफोर ने दिए निर्देश।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष वैजनाथ बसफोर की अध्यक्षता में सोमवार को असम के कामरूप जिले के अमिनगांव स्थित संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारीगण तथा निगम निकाय अधिकारियों के साथ सफाई कर्मचारियों की समस्याओं की समीक्षा सभा आयोजित की गई।अध्यक्ष ने पहले जिले के रंगिया, पलाशबाड़ी एवं उत्तरी गुवाहाटी नगरपालिका अधिकारियों से नगरपालिका के अधीन नियोजित सफाई कर्मचारियों को दिए जा रहे न्यूनतम वेतन, ESI, PF सुविधा, आई कार्ड, सुरक्षा किट जैसे ग्लव्स, बूट, रेनकोट आदि की व्यवस्था, नियमित स्वास्थ्य परीक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आवासगृह, शुद्ध पेयजल, स्वच्छता व्यवस्था आदि सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जिले के विभिन्न सरकारी विभागों में नियोजित सफाई कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करने के दिशा में जिला श्रम कल्याण विभाग को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। साथ ही, संबंधित विभागों को आवश्यकता अनुसार सफाई कर्मचारी पद हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने का आदेश जारी किया। अध्यक्ष ने 19 फरवरी को माचखोवा स्थित प्रागज्योतिष सांस्कृतिक प्रकल्प में सफाई कर्मचारियों हेतु एक जागरूकता कार्यशाला आयोजित होने की जानकारी देते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालय के सफाई कर्मचारियों को इसमें भाग लेने के लिए आमंत्रित किया। सभा में कामरूप जिले की अतिरिक्त जिला आयुक्त गीताश्री लाचित, सहायक आयुक्त पलाश बोरा तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के तहत कामरूप जिले में पहुंचे आयोग अध्यक्ष ने पहले अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी, इमामी, नाइपार एवं अमिनगांव स्थित निजी चिकित्सालयों के प्रबंधन के साथ सफाई कर्मचारियों से बैठक की। यह सभा सफाई कर्मचारियों के कल्याण हेतु महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।



