
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। कस्बे के बड़ा मदरसा के सामने वाली गली में पानी की टंकी की पाइपलाइन लीक होने से पिछले कई दिनों से सड़क पर जलभराव बना हुआ है। परेशान ग्रामीणों ने मौके पर खड़े होकर विरोध जताया और विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।
चौसाना कस्बे के बडा मदरसा के सामने वाली गली में पेयजल टंकी की मुख्य पाइपलाइन से लगातार पानी बह रहा है, जिससे सड़क खराब हो रही है। राहगीरों और बच्चों को आने-जाने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीण अबरार, गौरव, इकराम, हाजी, नूरदीन, शादाब आदि ने बताया कि करीब पंद्रह दिन तक पानी बहने के बाद दस दिन पहले विभाग ने पाइपलाइन ठीक कराई थी, लेकिन कुछ ही दिनों में दोबारा लीक हो गई। उनका कहना है कि हर बार ऊपर-ऊपर से मरम्मत कर दी जाती है, जिससे समस्या खत्म होने के बजाय फिर खड़ी हो जाती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पानी की बर्बादी के साथ-साथ गंदगी फैल रही है और मच्छर पनप रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी स्थायी समाधान नहीं किया गया।
जल निगम के जेई अरविंद कुमार ने बताया कि टंकी की पाइपलाइन लीक होने की जानकारी मिली है। कर्मचारियों को भेजकर शीघ्र मरम्मत कराकर समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा।


