17 नामजद सहित कई पर मुकदमा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। पूराकलां थाना क्षेत्र में युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगा दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस के काफी समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हुआ। इस प्रकरण में पुलिस ने 17 नामजद समेत 100 से अधिक लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बताया गया है कि 24 अप्रैल 2026 को ग्राम विजयपुरा में एक युवक पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया गया था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शव लेकर गांव लौट रहे थे, तभी आक्रोशित ग्रामीणों ने पूराकलां-तालबेहट रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया। बताया जा रहा है कि करीब 100-125 लोग एकत्र होकर सड़क पर बैठ गए और पूरी तरह यातायात बाधित कर दिया। जाम के कारण बसें, एम्बुलेंस और अन्य वाहन फंस गए, जिससे मरीजों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने करीब 40-45 मिनट तक जाम नहीं खोला। इसके बाद उग्र भीड़ ने शव को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर तालबेहट मार्ग होते हुए पूराकलां तिराहे पर फिर से जाम लगा दिया। स्थिति बिगडऩे पर उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई, जिसके बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों द्वारा काफी समझाने और परिजनों को सांत्वना देने के बाद आखिरकार जाम खुलवाया गया और शव का अंतिम संस्कार कराया गया। पुलिस ने इस मामले में हरिराम, कामता, रामेश्वर, प्रकाश, लल्लू, राकेश समेत 17 नामजद और करीब 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 189(1), 132, 285 व 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो और फोटो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
