नगरपालिका आम निर्वाचन 2026: पोलिंग पार्टी डिस्पैच एवं मतगणना तैयारियों का अधिकारियों ने लिया जायजा
Municipal General Elections 2026: Officials review polling party dispatch and counting preparations

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर सामान्य प्रेक्षक रंजित लोहरा, जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बाजार समिति परिसर में बनाए गए पोलिंग पार्टी डिस्पैच सेंटर तथा मतगणना सह वज्रगृह केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सामग्री वितरण केंद्र, स्ट्रांग रूम, पार्किंग स्थल सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान कर्मियों के लिए सामग्री वितरण की प्रक्रिया सुव्यवस्थित, समयबद्ध एवं सुचारु हो। इसके लिए स्पष्ट काउंटर व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साइनेज एवं सहायता काउंटर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास नियंत्रण एवं सुरक्षा बलों की तैनाती की समीक्षा की। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये। पार्किंग व्यवस्था के संबंध में वाहन आवागमन को सुचारु बनाए रखने, पोलिंग पार्टियों के वाहनों की अलग से पार्किंग, स्पष्ट रूट चार्ट एवं प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन योजना तैयार रखने पर जोर दिया गया, ताकि डिस्पैच के दिन किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की प्रत्येक कड़ी को गंभीरता और जवाबदेही के साथ संपन्न करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन द्वारा नगरपालिका चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।



