लाभुकों की समस्याओं का हुआ समाधान, ई-केवाईसी सप्ताह की हुई शुरुआत
Beneficiaries' problems resolved, e-KYC week begins

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देशानुसार प्रोजेक्ट आहार के तहत जिलेभर में आज “आहार दिवस” का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लाभुकों की समस्याओं का त्वरित समाधान, पारदर्शी राशन वितरण व्यवस्था एवं योजनाओं का सुचारू क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के तहत जिले के सभी प्रखंडों में जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न पीडीएस दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि लाभुकों को निर्धारित मात्रा में अनाज का वितरण किया जा रहा है। साथ ही छूटे हुए लाभुकों का ई-केवाईसी पंजीकरण भी किया गया। उपायुक्त मनीष कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी लाभुक को राशन अथवा अन्य कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रखा जाए। प्रत्येक शिकायत का निवारण स्थल पर ही सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के दौरान धोती– साड़ी योजना के तहत पात्र लाभुकों को वस्त्र वितरण किया गया। साथ ही आज से ई-केवाईसी सप्ताह की भी शुरुआत की गई, जो 12 नवंबर तक चलेगा। जिन लाभुकों का ई-केवाईसी लंबित है, वे अपने निकटवर्ती पीडीएस दुकान या स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से इसे पूर्ण करा सकते हैं। जिले में प्रत्येक माह की 6 तारीख को “आहार दिवस” मनाए जाने का निर्णय लिया गया है, ताकि योजनाओं के लाभुकों तक समयबद्ध और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित हो सके।



