सिंगरौली
सिंगरौली से हवाई सेवा अब हकीकत बनने की राह पर
एयरपट्टी की जमीनी और तकनीकी जांच करने कल पहुंच रहा तकनीकी दल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। सिंगरौली जिले के विकास की गाथा अब नई ऊँचाइयों को छूने जा रही है। जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने आज वह घोषणा की, जिससे पूरे जिले में उत्साह की लहर दौड़ा दी। वर्षों से प्रतीक्षित हवाई सेवा अब हक़ीक़त बनने की दिशा में बढ़ चुकी है। सांसद ने कहा अब सिंगरौली पीछे नहीं रहेगा। अब सिंगरौली के आसमान से भी उड़ान भरेगा विमान! आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन विकास की कड़ी में सड़कों से लेकर आसमान तक सिंगरौली का परिवहन ढांचा तेजी से बदल रहा है।
ATR विमान सेवा की ओर बढने लगा है निर्णायक कदम
सांसद डॉ. मिश्रा ने बताया कि सिंगरौली एयरपट्टी को ATR विमान सेवा के अनुरूप विकसित करने की प्रक्रिया अब तेज़ हो चुकी है। कल 17 नवंबर को विशेषज्ञों की विशेष टीम सिंगरौली आएगी, जिसमे दो दिल्ली से विमानन महानिदेशालय व केंद्रीय विमानन तकनीक विशेषज्ञ और दो भोपाल राज्य सिविल एविएशन विभाग एवं टेक्निकल सर्वे अधिकारी शामिल हैं। बताया कि विशेषज्ञ दल एयरपट्टी की जमीनी और तकनीकी जांच करेगा, जिसमें रनवे की वर्तमान क्षमता का मूल्यांकन, रनवे के विस्तार की न्यूनतम व अधिकतम संभावनाएँ, ATR-72 व समान श्रेणी के विमानों की लैंडिंग-टेकऑफ व्यवहार्यता, सुरक्षा मानकों का परीक्षण, एप्रन, टैक्सीवे, टर्मिनल एरिया के लिए उपलब्ध भूमि का आकलन और भविष्य में पूर्ण विकसित रीजनल एयरपोर्ट बनाने की क्षमता का परीक्षण किया जाएगा। सर्वे के बाद रिपोर्ट सरकार को सौंपकर विकास का अगला चरण शुरू होगा। इस रिपोर्ट के आधार पर ही ATR सेवा हेतु आवश्यक बजट, डिज़ाइन, DPR और निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
सांसद ने कहा कि हवाई सेवा का आना सिर्फ यात्रा सुविधा नहीं, बल्कि— पूरे जिले के आर्थिक और औद्योगिक भविष्य का नया द्वार खोलेगा। उद्योगों को तेज़ कनेक्टिविटी,निवेश की नई संभावनाएँ,मेडिकल इमरजेंसी में तेज़ ट्रांसपोर्ट, व्यापारियों और उद्योगपतियों के लिए सीधी सुविधा,युवाओं को रोजगार के नए अवसर,पर्यटन और कॉर्पोरेट मूवमेंट में तेजी के साथ -साथ ऊर्जा राजधानी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी मिलेगी। सांसद मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि सिंगरौली अब सिर्फ जमीन पर ही नहीं आसमान में भी अपनी पहचान बनाएगा।
जनसुनवाई 50 से अधिक शिकायतों को लिया संज्ञान
आज की जनसुनवाई में 50 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। शिकायतों को विभागवार भेजा गया है। त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए भी गए हैं। कई मामलों पर मौके पर ही निर्णय लिया गया नागरिकों ने सांसद की तत्परता की सराहना की। सांसद ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है और सिंगरौली के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।



