जालौन

आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान, जनप्रतिनिधियों ने किया नमन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो

जालौन। आज विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में राष्ट्रीय आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर आपातकाल दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों और उनके आश्रितों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, विधायक सदर गौरीशंकर वर्मा, विधायक माधौगढ़ मूलचंद्र निरंजन, पूर्व विधायक नरेन्द्र पाल सिंह जादौन, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी, लोकतंत्र सेनानी तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें आपातकाल के दौरान जेल में निरुद्ध लोकतंत्र सेनानियों ने अपने संघर्षों को साझा किया। उन्होंने बताया कि 25 जून 1975 को घोषित आपातकाल में प्रेस की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की आज़ादी और नागरिकों के मौलिक अधिकारों पर प्रतिबंध लगाए गए थे।

इस दौरान चित्र प्रदर्शनी एवं हस्ताक्षर अभियान भी आयोजित हुआ, जिसमें आपातकाल की प्रमुख घटनाओं को दर्शाया गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने इसे भारतीय लोकतंत्र का अविस्मरणीय अध्याय बताया और लोकतंत्र सेनानियों को समाज का प्रेरणास्त्रोत कहा। विधायक सदर ने इसे लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए सतर्कता का संदेश दिया, वहीं विधायक माधौगढ़ ने युवाओं से सेनानियों के साहस से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान और सामूहिक हस्ताक्षर अभियान के साथ हुआ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button