सिंगरौली
सीटू द्वारा गेट मीटिंग व आमसभा कर कोल कर्मियों को किया गया जागरूक
9 जुलाई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने का किया आह्वान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली । 9 जुलाई 2025 को प्रस्तावित एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में सीटिया (सीटू) द्वारा ककरी श्रमिक मनोरंजन केंद्र में एक जागरूकता आमसभा का आयोजन किया गया इस आयोजन में सीटिया (सीटू) के राष्ट्रीय महासचिव बी. के. पटेल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए श्री पटेल ने कहा कि आज मज़दूर वर्ग,असंगठित क्षेत्र के श्रमिक और कोल इंडिया जैसे सार्वजनिक उपक्रमों के कर्मचारी एक बड़े संकट के दौर से गुजर रहे हैं सरकार द्वारा हर क्षेत्र में तेज़ी से निजीकरण किया जा रहा है कोयला जैसे रणनीतिक उद्योग को कॉर्पोरेट घरानों के हाथों बेचा जा रहा है, जिससे मज़दूरों के अधिकारों पर सीधा हमला हो रहा है सीटिया (सीटू) इस परिस्थिति में मज़दूरों की आवाज़ को बुलंद करने के लिए देशभर में संघर्षरत है उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जबरन लागू की गई चारों श्रम संहिताएं मज़दूर विरोधी हैं और इनका उद्देश्य कॉर्पोरेट हितों को साधना है। सीटिया (सीटू) पहले दिन से ही इन संहिताओं का मुखर विरोध कर रही है क्योंकि: इन कोड्स से असंगठित क्षेत्र के करोड़ों श्रमिक सामाजिक सुरक्षा के दायरे से बाहर हो जाएंगे। न्यायालयों की भूमिका को सीमित किया गया है कार्यदिवस को 8 घंटे से बढ़ाकर 12 घंटे किया जा रहा है यूनियन बनाने और हड़ताल करने के अधिकार पर प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं फिक्स्ड टर्म एम्प्लॉयमेंट के ज़रिए श्रमिकों को अस्थाई बना कर, उन्हें ग्रेच्युटी और मुआवज़े से वंचित किया जा रहा है। सीटिया (सीटू) के नेतृत्व में आयोजित इस सभा में ज़ोर देकर कहा गया कि यह हड़ताल केवल विरोध नहीं, बल्कि हमारे अधिकारों, सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई है।
हड़ताल की प्रमुख मांगें
चारों श्रम संहिताएं रद्द की जाएं,12 घंटे कार्यदिवस की नीति वापस ली जाए,कोल इंडिया सहित सभी क्षेत्रों में निजीकरण बंद किया जाए,NPS समाप्त कर OPS को पुनः लागू किया जाए,स्कीम वर्कर्स को ₹28,000 मासिक मानदेय एवं स्थाई कर्मचारी का दर्जा मिले,असंगठित क्षेत्र के सभी कर्मियों को ग्रेच्युटी, पेंशन, बीमा व स्वास्थ्य लाभ मिले,महंगाई व बेरोजगारी पर नियंत्रण किया जाए,सभी श्रमिकों को स्वतंत्र,निष्पक्ष और बाधारहित मतदान का अधिकार मिले। ऐसी कुल 17 मांगें श्रमिक संगठनों द्वारा रखी गई हैं जिनका समर्थन सीटिया ने किया है सभा की अध्यक्षता सीटिया (सीटू) ककरी शाखा अध्यक्ष सर्वेश सिंह ने की।
इस अवसर पर सीटिया (सीटू) एनसीएल ज़ोन अध्यक्ष प्रकाश पटेल, महामंत्री अरविंद शाह, कोषाध्यक्ष विजय कुमार झा, शाखा सचिव एवं संयुक्त महामंत्री प्रशांत सिंह, संगठन मंत्री ललित कुमार, बीना शाखा अध्यक्ष मनोज शर्मा, सचिव सत्य प्रकाश, कृष्ण शिला शाखा सचिव रामआसरे पटेल सहित सीटिया (सीटू) के पदाधिकारीगण एवं भारी संख्या में कर्मी साथी उपस्थित रहे।
|
|



