ललितपुर
बजाज पावर प्लांट में 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का भव्य आगाज
प्रेसिडेंट समेत कर्मचारियों ने किया रक्तदान

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। जिले की प्रमुख विद्युत उत्पादन इकाई ललितपुर पावर जेनरेशन कंपनी (बजाज पावर प्लांट) में शनिवार से 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह का शानदार शुभारंभ हुआ। शुरुआत ध्वजारोहण, दीप प्रज्वलन और एक विशाल रक्तदान शिविर के साथ की गई। सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित यह विशेष सप्ताह 7 मार्च से 12 मार्च तक संचालित किया जाएगा। सुरक्षा सप्ताह के पहले दिन जिला अस्पताल के सहयोग से प्लांट परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व करते हुए कंपनी के प्रेसिडेंट मनोज मेहता और आलोक श्रीवास्तव ने स्वयं रक्तदान कर कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। उनके साथ भारी संख्या में प्लांट के अधिकारियों, कर्मचारियों और कामगारों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया। मुख्य अतिथि मनोज मेहता एवं आलोक श्रीवास्तव ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा को केवल नियमों के पालन तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे अपनी कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि 4 मार्च 1972 को नेशनल सेफ्टी काउंसिल की स्थापना के बाद से ही देश में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह दिवस मनाया जा रहा है। पर्यावरण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभागाध्यक्ष दीपक आनंद ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह की थीम सुरक्षा बढ़ाने के लिए लोगों को शामिल करें, शिक्षित करें और सशक्त बनाएं रखी गई है। उन्होंने जानकारी दी कि पूरे सप्ताह के दौरान सुरक्षा पोस्टर, स्लोगन एवं भाषण प्रतियोगिता, फायर सेफ्टी (अग्निशमन) का विशेष प्रशिक्षण, हाउसकीपिंग अभियान और सेफ्टी क्विज, कार्यस्थल पर शून्य दुर्घटना का संकल्प आदि सम्पन्न हुआ। संचालन ईएचएस विभाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्लांट के सभी वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की शपथ ली।