
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
हरसौली। कस्बे हरसौली में मंगलवार को क्षेत्र के सबसे बड़े आस्था केंद्र श्री श्री 1008 श्री संतदास महाराज मंदिर का वार्षिक मेला श्रद्धा, उत्साह और परंपरा के रंगों में सराबोर नजर आया। सुबह से ही मंदिर परिसर और मेला स्थल पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे हजारों भक्तों ने संतदास महाराज के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
मेले की शुरुआत से एक दिन पहले सोमवार रात को भव्य जागरण का आयोजन हुआ। भजन गायकों ने देर रात तक भक्ति रस से सराबोर प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। मंगलवार सुबह विधिवत पूजा-अर्चना के साथ मेले की शुरुआत हुई और जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया।
मेले में कई महिला श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी होने पर हाथों में नारियल लेकर पेट पलनिया होकर मंदिर पहुंचीं और आस्था के साथ पूजा-अर्चना की। पूरे दिन मेले में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
झूले, दुकानें और भंडारे से सजा मेला
मेले में ग्रामीणों के मनोरंजन और खरीदारी के लिए मिठाई, खिलौने, सजावटी सामान और अन्य वस्तुओं की दर्जनों दुकानें सजाई गईं। बच्चे और महिलाएं बड़े-बड़े झूलों का आनंद लेते नजर आए। वहीं मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर जगह-जगह समाजसेवियों और भक्तों द्वारा मीठे पानी की छबील और भंडारे लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं को प्रसाद और जलपान कराया गया।
मेला कमेटी सदस्य राजू लंबरदार और हरिसिंह झाबुला ने बताया कि संतदास महाराज का यह मंदिर सौ साल से भी अधिक पुराना है। यहां संतदास महाराज की चरण पादुकाओं की पूजा की जाती है और हर साल लगने वाले इस मेले में आसपास के कई जिलों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
दंगल बना सबसे बड़ा आकर्षण
दोपहर बाद मेले का मुख्य आकर्षण कुश्ती दंगल रहा। दंगल में राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तरप्रदेश से आए नामी पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाए। पूरे दंगल में छोटी-बड़ी मिलाकर 110 से अधिक कुश्तियां कराई गईं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग अखाड़े के चारों ओर जमा हो गए। निर्णायक मोहनसिंह सूबेदार, महेन्द्र पीटीआई, शिंभूदयाल पीटीआई आदि ने बताया कि दंगल का सबसे बड़ा आकर्षण 1 लाख 21 हजार रुपए का कुश्ती कामड़ा रहा। यह मुकाबला रजत सोनू अखाड़ा, माढोथी रोहतक और मोहित फोगाट पलवल लीलू अखाड़ा लाडपुर के बीच हुआ। दोनों पहलवानों के बीच लंबे समय तक जोरदार संघर्ष चला और दर्शकों ने रोमांचक दांव-पेचों का जमकर आनंद लिया। कड़ी टक्कर के बावजूद कोई पहलवान निर्णायक बढ़त नहीं बना सका और मुकाबला बराबरी पर छूट गया।
मेले में जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, जिला मंत्री पूर्ण झाबुला,परगना अध्यक्ष जीतराम लंबरदार, नगर परिषद प्रतिपक्ष नेता विक्की चौधरी, हरिसिंह झाबुला, सरपंच ओमेश चौधरी, महावीर झाबुला, डॉ. भीमसिंह, पूर्ण दादा, पूर्व प्रधान विनोद कुमारी , राजू लंबरदार, लाला पहलवाल, रामेश्वर झाबुला,जलसिंह हवलदार, मनीष लंबरदार, खेमचंद चौधरी खैरथल थाना प्रभारी रामकिशन यादव मय पुलिस बल मौजूद रहे वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

