पति के बाहर रहने का फायदा उठाकर हमला करने का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर राई निवासी एक महिला ने अपने बहनोई समेत दो लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव मोहम्मदपुर राई निवासी शबाना पत्नी शमसाद ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसका पति काम के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहता है और एक-दो सप्ताह में ही घर आ पाता है। वह मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण करती है।आरोप है कि आठ मार्च की रात करीब नौ बजे जब वह घर पर अकेली थी, तभी उसका बहनोई फरमान पुत्र इरफान निवासी कैराना तथा राशिद पुत्र ताहिर निवासी गांव गौरीपुर जनपद बागपत उसके घर में घुस आए। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की और डंडे से हमला कर दिया। पीड़िता का कहना है कि मारपीट के दौरान उसके शरीर पर चोटें आई हैं, जिससे वह काफी भयभीत है। उसने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उधर, पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।