गाजियाबाद

गाजियाबाद में यूपी सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर तीन दिवसीय प्रदर्शनी और गोष्ठी का शुभारंभ 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर के जनपद मुख्यालयों पर 23 से 25 मार्च तक विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी और गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में गाजियाबाद के विकास भवन परिसर में भी एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें करीब 30 विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान आयोजित गोष्ठी में इंजीनियर से गौ पालक बने  राजशेखर पाण्डेय ने देशी गोवंश के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारतीय गाय के दूध के साथ-साथ गोबर और गोमूत्र का उपयोग भी अत्यंत लाभकारी है। इनके प्रयोग से भूमि की उर्वरता बनी रहती है और रासायनिक खादों पर निर्भरता कम होती है, जिससे खेती और स्वास्थ्य दोनों बेहतर हो सकते हैं।
वहीं, भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त  रमन मलिक ने अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि कोरोना काल में उन्होंने 4 देशी गायों से गौपालन शुरू किया था, जो अब बढ़कर लगभग 20 हो गई हैं। वे साहीवाल नस्ल की गायों का संरक्षण कर रहे हैं और दूध, दही, घी के साथ-साथ गोबर और गोमूत्र के माध्यम से जैविक खेती भी कर रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, गाजियाबाद सदर विधायक  संजीव शर्मा ने किसानों और पशुपालकों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर उन्हें सफल बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई व्यक्तियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया गया। यह आयोजन मुख्य विकास अधिकारी  अभिनव गोपाल के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी और अन्य जनपद स्तरीय अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतिकूल मौसम के बावजूद 100 से अधिक पशुपालकों ने भाग लेकर प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, मुख्यमंत्री गो संवर्धन योजना, मिनी नंदिनी समृद्धि योजना समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने विधायक के साथ विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कराया और उनका स्वागत किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button