कतरास क्षेत्र के ओझा बगान कतरी नदी में शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
Sensation due to finding a dead body in Ojha Bagan Qatari river of Katras area, police engaged in investigation

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
कतरास। बाघमारा क्षेत्र अन्तर्गत रामकनाली ओपी के ओझा बागान के समीप कतरी नदी में मंगलवार की अहले सुबह एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार कतरी नदी में कुछ महिलाएं स्नान कर रही थीं, तभी उन्होंने नदी में एक शव को बहता हुआ देखा, जो पास के एक दलदली और झाड़ीदार क्षेत्र में जाकर फंस गया। यह खबर तुरंत आसपास के ग्रामीणों तक पहुंची, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही रामकनाली ओपी प्रभारी संतोष कुमार रवि दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर प्रारम्भिक जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। प्राथमिक दृष्टिकोण से अनुमान लगाया जा रहा है कि शव करीब तीन-चार दिन या उससे भी अधिक पुराना हो सकता है, क्योंकि शव सड़ चुका था और उसकी पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



