कैराना

प्लॉट दिलाने के नाम पर 1.20 लाख की ठगी

रुपये मांगने पर महिला से मारपीट; तीन भाइयों पर मुकदमा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। कोतवाली क्षेत्र के गांव मवी काकौर में प्लॉट दिलाने के नाम पर महिला से करीब 1.20 लाख रुपये हड़पने और रकम वापस मांगने पर घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर तीन सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव मवी काकौर निवासी नफीसा पत्नी उस्मान ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि एक जुलाई 2024 को गांव के ही फुरकान पुत्र शौकत से उसने एक प्लॉट खरीदने का सौदा तय किया था। इस दौरान उसने 10 हजार रुपये नकद बतौर बयाना दिए थे। आरोप है कि बाद में आरोपी ने भरोसे में लेकर उससे अलग-अलग किस्तों में करीब 1.10 लाख रुपये और ऑनलाइन माध्यम से भी ले लिए। महिला के पास ऑनलाइन भुगतान के स्क्रीनशॉट भी मौजूद हैं। पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद उसे पता चला कि जिस प्लॉट का सौदा उससे किया गया था, उसे आरोपी ने किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया है। जब उसने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी तो उसने दस दिन में पैसे लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन इसके बाद लगातार टालमटोल करता रहा। महिला का कहना है कि बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे उसने फिर से अपने रुपये मांगे तो आरोपी फुरकान ने घर आकर पैसे देने की बात कही। आरोप है कि थोड़ी देर बाद वह अपने भाइयों मेहरबान और रिजवान पुत्रगण शौकत के साथ उसके घर पहुंच गया। वहां पहुंचते ही तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर लात-घूंसों से मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़िता के निर्माणाधीन मकान के लेंटर के लिए लगी बल्लियां भी गिरा दीं, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो गया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने रुपये वापस न देने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने कोतवाली कैराना में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button