
घटना सीसीटीवी में हुई कैद ; आवारा सांड से गांव में दहशत का माहौल
हापुड़ (यूपी ) – यूपी के जनपद हापुड़ के देहात थाना क्षेत्र के गांव दोयमी में एक आवारा सांड के हमले में एक बुजुर्ग व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने का मामला सामने आया है। इस घटना ने पूरे गांव में आवारा सांड से दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोयमी में रहने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग अपने घर के बाहर सड़क पर टहल रहे थे। अचानक एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बुजुर्ग जमीन पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सांड ने पीछे से आकर उनके ऊपर हमला किया, जिससे बुजुर्ग को गंभीर चोटें आईं हैं । उनकी रीढ़ की हड्डी टूट गई और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गहरे जख्म हो गए। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आवारा सांड को वहां से भगाया और घायल बुजुर्ग को तुरंत अस्पताल ले गए जहां उनका इलाज चल रहा है, लेकिन उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिवार के सदस्यों का कहना है कि वे इस हादसे से पूरी तरह सदमे में हैं और प्रशासन की लापरवाही को इसका जिम्मेदार मान रहे हैं। एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह घटना रिकॉर्ड हो गई जिससे यह साफ देखा जा सकता है कि आवारा सांड ने पीछे से आकर बुजुर्ग को टक्कर मार दी , इस टक्कर से बुजुर्ग कई फीट उछल गए जिससे उनकी रीढ़ की हड्डी टूट गई । इस घटना की सीसीटीवी का किसी ग्रामीण ने वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है ।



