बहराइच
पीडितों को निष्पक्ष न्याय दिलाना अधिवक्ताओं का मुख्य कर्तव्य-विधायक सुरेश्वर सिंह
महसी बार एसोसिएशन पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए विधायक

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
महसी। तहसील महसी में शुक्रवार को बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह में क्षेत्रीय विधायक सुरेश्वर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। चुनाव व न्यायिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में नई कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली और अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प दोहराया। समारोह के दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेंद्र नाथ त्रिपाठी और महामंत्री विजय कुमार शुक्ल के साथ-साथ वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजीत सिंह, संयुक्त प्रशासक योगेंद्र मौर्या सहित पूरी कार्यकारिणी को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विधायक सुरेश्वर सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं का समाज में एक महत्वपूर्ण स्थान है और उनका मुख्य दायित्व पीड़ित व्यक्ति को न्याय दिलाना है। उन्होंने वकीलों से निष्पक्षता के साथ पैरवी करने और विशेषकर पारिवारिक विवादों में समझौते कराने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की। अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने के बाद नरेंद्रनाथ त्रिपाठी ने अधिवक्ता हितों की रक्षा करने और त्वरित न्याय प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।पदाधिकारी स्वयं को सदस्यों का ‘सेवक’ मानें समारोह में जिले के वरिष्ठ अधिवक्ताओं और पूर्व पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। पूर्व अध्यक्ष रामजी बाजपेई ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए सभी पूर्व सदस्यों के समन्वय और सहमति से कार्य करना चाहिए। वहीं, पूर्व अध्यक्ष राजवंत मिश्र ने नवनिर्वाचित टीम को प्रेरित करते हुए कहा कि पदाधिकारियों को स्वयं को बार सदस्यों का ‘सेवक’ मानकर कार्य करना चाहिए। वरिष्ठ अधिवक्ता राम छबीले शुक्ल और अनिल मिश्र ने नई टीम को एकजुट होकर चलने की सलाह दी। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ‘बार और बेंच’ (अधिवक्ता और न्यायाधीश) के बीच बेहतर तालमेल ही अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा का मुख्य आधार है, इसलिए सेवा भाव से कार्य करना आवश्यक है। वरिष्ठ अधिवक्ता गणेशदत्त अवस्थी और बालकृष्ण मिश्रा ने शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी पूर्ण ईमानदारी और निष्ठा से कार्य कर अपनी अमिट छाप छोड़ेगी। इस अवसर पर नानपारा चीनी मिल के निदेशक अखण्ड प्रताप सिंह गोलू, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि तेजवापुर रमाकर पाण्डेय, जिलामंत्री शशिकांत त्रिपाठी, दिवाकर पांडेय, उद्धव बाजपेई, सत्यप्रकाश बाजपेई सहित अन्य अधिवक्ता व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।




