गोड्डा
चैती काली मेला को लेकर घाट कुराबा में 1501 कन्याओं ने निकाली भव्य कलश शोभायात्रा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। मां वैष्णवी चैती काली मेला के पावन अवसर पर पथरगामा प्रखंड क्षेत्र के घाटकुराबा में 1501 कन्याओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के रंग में सराबोर कर दिया। इस धार्मिक आयोजन में भारी जनसमूह उमड़ा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। यह आयोजन पंडित आकाश जी महाराज के सान्निध्य में सुंदर नदी तट पर संपन्न हुआ। यजमान प्रवीण सिंह एवं ब्रजेश शास्त्री द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात ढोल-नगाड़ों और बाजे-गाजे के साथ कलश शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा सुंदर नदी से प्रारंभ होकर तेलनी मोड़, कलाली मोड़, पथरगामा मुख्य चौक, द्वारिचक, अमडीहा, पंजरहार और रामसुंदरिया होते हुए घाटकुराबा पहुंची। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों द्वारा श्रद्धालुओं के बीच सरबत एवं फल का वितरण किया गया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कार्यक्रम की सफलता पर काली मेला समिति के अध्यक्ष जितेंद्र भगत ने सभी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग, भाईचारे और सामाजिक एकता के कारण ही यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। वहीं, पथरगामा पश्चिमी क्षेत्र के पूर्व जिला परिषद सदस्य सियाराम भगत ने प्रखंडवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मां काली का आशीर्वाद प्राप्त करने का यह उत्तम अवसर है। मौके पर प्रखंड प्रमुख अवधेश साह, जिला परिषद सदस्य पूनम देवी, घाटकुराबा मुखिया मुकेश चौधरी, झामुमो नेता विलास मंडल, जदयू जिला अध्यक्ष चंद्रधर सिंह चुन्नू, उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष राकेश सिंह, सचिव श्रीकांत सिंह, पप्पू सिंह, राजा सिंह, बंटी कुमार, रविंद्र शर्मा, वीरेंद्र भगत, दीपक कुमार, मनीष सिंह, अमर सिंह, राजेश कुमार सिंह, रणजीत सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।




