बहराइच
अग्निकांड पीड़ितों को मुआवजा न मिलने पर विधायक नाराज
गांव पहुंचकर अग्निकांड स्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
महसी (बहराइच)। महसी क्षेत्र के मेथौरा गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पीड़ितों को अब तक मुआवजा न मिलने पर क्षेत्रीय विधायक सुरेश्वर सिंह ने नाराजगी जताई। मंगलवार को विधायक ने गांव पहुंचकर अग्निकांड स्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। गौरतलब है कि बीते रविवार को मेथौरा गांव में अचानक लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे करीब 15 परिवारों के आशियाने जलकर खाक हो गए। आग की इस घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे या पल्ली डालकर रहने को मजबूर हैं। अग्नि कांड के कारण गांव की बिजली सप्लाई भी बंद है जिससे लोगों को और भी परेशानी हो रही है। निरीक्षण के दौरान विधायक सुरेश्वर सिंह ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल तहसीलदार महसी विकास कुमार को फोन कर निर्देश दिया कि सभी प्रभावित परिवारों की क्षति का आकलन कर उन्हें जल्द से जल्द सरकारी सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। विधायक ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ितों की हर संभव मदद करनी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को हर हाल में राहत दिलाई जाएगी और उन्हें किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।



