
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिले की प्रतिभाशाली बेटी वैष्णवी मिश्रा ने एलएनसीटी यूनिवर्सिटी, भोपाल से एमबीए (डाटा एनालिटिक्स एंड विजुअलाइजेशन) में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है। इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए उन्हें मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल के कर-कमलों द्वारा गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। वैष्णवी मिश्रा, ललितपुर निवासी दीपक मिश्रा की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर विश्वविद्यालय में शीर्ष स्थान हासिल किया। सम्मान समारोह में गोल्ड मेडल प्राप्त करते ही परिवार और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। वैष्णवी की इस सफलता से पूरे ललितपुर जिले में गर्व का माहौल है। सामाजिक एवं शैक्षिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि जिले के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। नागरिक विकास मोर्चा अध्यक्ष हरीबाबू शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने वैष्णवी मिश्रा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


