ललितपुर
जनगणना 2027,ग्राम पंचायत ककरूआ में स्व-गणना को लेकर जागरूकता बैठक आयोजित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। भारत की आगामी जनगणना 2027 को सुचारू रूप से संपन्न कराने और डिजिटल इंडिया की दिशा में एक कदम और बढ़ाते हुए विकास खण्ड जखौरा की ग्राम पंचायत ककरूआ में एक महत्वपूर्ण जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में ग्रामीणों को जनगणना के महत्व और स्व-गणना की प्रक्रिया से अवगत कराना था। बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों को जानकारी दी कि शासन द्वारा जनगणना के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकान गणना) के लिए 22 मई, 2026 से 20 जून, 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। इससे पूर्व आमजन के लिए 15 दिनों की अवधि हेतु स्व-गणना की सुविधा प्रदान की गई है। ग्रामीण अब स्वयं जनगणना पोर्टल पर जाकर अपने परिवार की सूचनाएं सुरक्षित और सटीक रूप से दर्ज कर सकते हैं। ग्राम विकास अधिकारी हिमांशु कुशवाहा ने कहा कि स्व-गणना से डेटा के संकलन में तेजी आएगी और मानवीय त्रुटियों की संभावना कम होगी। लेखपाल अतुल गुप्ता ने बताया कि जनगणना राष्ट्र के विकास की नींव है, इसी के आधार पर भविष्य की कल्याणकारी योजनाओं का खाका तैयार किया जाता है। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान पप्पू अहिरवार ने की। उन्होंने समस्त ग्रामवासियों से इस राष्ट्रीय कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्हें पोर्टल चलाने और जनगणना संबंधी शंकाओं के समाधान के बारे में विस्तार से बताया गया। बताया गया कि 22 मई से 20 जून 2026 तक मकान सूचीकरण का कार्य होगा। मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से स्व-गणना पर जोर, प्रगणकों के आने पर सही जानकारी उपलब्ध कराना अनिवार्य को लेकर चर्चा की गयी। इस दौरान ग्राम पंचायत के सम्मानित नागरिक और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने संकल्प लिया कि वह न केवल स्वयं अपनी गणना पूरी करेंगे, बल्कि अन्य ग्रामीणों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।


