ललितपुर

जल विहार महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में, प्रशासन ने कसी कमर

डीएम सत्यप्रकाश ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

नपाध्यक्ष सोनाली जैन ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सुम्मेरा तालाब, घाट, पुल, मार्ग, प्रकाश और सफाई व्यवस्था का किया निरीक्षण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। बुंदेलखंड के सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक जल विहार महोत्सव को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी सत्यप्रकाश एवं नपाध्यक्ष सोनाली जैन ने जिला प्रशासन और पालिका अधिकारियों के साथ जल विहार महोत्सव से जुड़े प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सुम्मेरा तालाब, जल विहार मार्गों, पुलों, घाटों, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप बने पुल, ललितेश्वरी माता मंदिर के पास बने पुल सहित नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और स्थलों की स्थिति देखी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि महोत्सव से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं हर हाल में दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और नगरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी सत्यप्रकाश एवं नपाध्यक्ष सोनाली जैन ने सुम्मेरा तालाब पहुंचकर महोत्सव के दौरान संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। तालाब क्षेत्र में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, घाटों की स्थिति, आवागमन के रास्ते और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी अधिकारियों से ली गई। डीएम ने अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया कि तालाब क्षेत्र में सफाई और प्रकाश व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए। साथ ही जल विहार से जुड़े सभी मार्गों की व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने तालाब क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा इंतजामों के साथ एनडीआरएफ टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए व्यवस्थाओं को पहले से सुनिश्चित करें, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। नपाध्यक्ष ने कहा कि जल विहार महोत्सव ललितपुर की वर्षों पुरानी ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का गौरवशाली पर्व है। इसमें ललितपुर के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि जल विहार पर्व ललितपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा आयोजन है। पालिका का प्रयास है कि महोत्सव में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु एवं नगरवासी को बेहतर सुविधाएं मिलें और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। नपाध्यक्ष ने बताया कि नगर पालिका की ओर से साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, मार्गों की दुरुस्ती, सौंदर्यीकरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जिन कार्यों में अभी थोड़ा भी काम शेष है, उन्हें महोत्सव से पहले हर हाल में पूरा कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि पालिका की पूरी टीम जल विहार महोत्सव को सफल, भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता से कार्य कर रही है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना पालिका की प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार को सुम्मेरा तालाब के प्रमुख घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जल विहार मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा। डीएम ने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात, पार्किंग और सुरक्षा की पूर्व योजना तैयार रखने के निर्देश दिए, ताकि महोत्सव के दौरान जाम अथवा अव्यवस्था की स्थिति न बने। निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन और नगर पालिका की टीम ने जल विहार से जुड़े विभिन्न मार्गों, पुलों और सड़कों की स्थिति भी देखी। मौके पर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर हेमंत पटेल, क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी, ओएसडी अनिल दीक्षित, अवर अभियंता निधि पाण्डेय, कर अधीक्षक राजेश जैन, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेंद्र सिंह यादव, निर्माण लिपिक दीपेंद्र कुमार, नजूल लिपिक सुधीर रावत, सेवानिवृत्त वरिष्ठ लिपिक रमाकांत तिवारी, कर लिपिक चंद्रविनोद मिश्रा, गैरिज प्रभारी अमित कुमार रिंकू, पुरुषोत्तम कुशवाहा सहित जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button