ललितपुर

कालपी सड़क हादसे के पीडि़तों के लिए उठी मदद की मांग

ब्राह्मण महामण्डल ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। अयोध्या धाम से दर्शन कर लौट रहे महरौनी के एक ही परिवार के सदस्यों की सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मृत्यु के बाद अब उनके आश्रितों को सरकारी मदद दिलाने की मांग तेज हो गई है। शुक्रवार को ब्राह्मण महामण्डल ने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर पीडि़त परिवार के लिए आर्थिक सहायता और मृतक की मेधावी पुत्री को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि बीते 4 मई को जालौन के कालपी थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर एक अज्ञात डम्पर चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए टवेरा को टक्कर मार दी थी। इस भीषण दुर्घटना में महरौनी निवासी बृजभूषण तिवारी, स्वामी प्रसाद, मनोज, कृष्णकान्त, शशिकान्त, अंशुल, दीपक, उमेश और देशराज की असामयिक मृत्यु हो गई थी। ये सभी मृतक एक ही परिवार से संबंधित थे और आर्थिक रूप से कमजोर थे। महामण्डल जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पटैरिया और महामंत्री परमानन्द तिवारी ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि मृतक बृजभूषण तिवारी की पुत्री कु.वैष्णवी ने हाल ही में इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद में टॉप कर जिले का नाम रोशन किया है। पिता के निधन के बाद अब परिवार के सामने जीविकोपार्जन का संकट खड़ा हो गया है। ज्ञापन में मांग की गई है कि पीडि़त परिवार को शासन स्तर से तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। बिना पिता के हो चुकी मेधावी छात्रा वैष्णवी को योग्यता के अनुसार किसी विभाग में सरकारी नौकरी दी जाए ताकि परिवार को भुखमरी से बचाया जा सके। परिवार में मौजूद एक दिव्यांग/बीमार बच्ची की देखभाल के लिए विशेष मदद सुनिश्चित की जाए। ब्राह्मण महामण्डल ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा जनपद इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ है। ज्ञापन सौंपने के दौरान अध्यक्ष अशोक कुमार पटैरिया, महामंत्री परमानन्द तिवारी, मदन मोहन शर्मा, विनोद भौंड़ेले, वरिष्ठ पत्रकार पं.दिनेश कुमार संज्ञा, प्रदीप रिछारिया, डा.एस.पी.पाठक, पवन संज्ञा, शिवनारायण संज्ञा, पूर्व कार्यालय अधीक्षक नपा रमाकान्त तिवारी, अरविन्द संज्ञा, संतोष शर्मा, स्वामी प्रसाद, सिद्धार्थ शर्मा, अनिल शुक्ला, बृजमोहन शर्मा, चंद्रशेखर दुबे, डॉ मोहित तिवारी,  रज्जन चर्तुवेदी, रामदास श्रोती, रविनारायण चौबे एड. के अलावा अनेकों लोग मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button