बरेली
6 महीने से इंतज़ार, फिर भी नहीं सुधरी सड़क…
पानी में डूबी सड़क से निकलने को मजबूर,स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। मढ़ीनाथ वार्ड नंबर 13 स्थित लक्ष्मी नगर की “गैस चूल्हे वाली गली” में जलभराव की समस्या अब लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुकी है। सड़क नीचे होने की वजह से गली में लगातार पानी भरा रहता है, जिससे स्थानीय लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नवंबर 2025 में नगर आयुक्त को लिखित रूप से शिकायत देकर समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन 6 महीने बीत जाने के बावजूद नगर निगम की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
गली में भरे गंदे पानी से सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं और पैदल राहगीरों को हो रही है। लोगों को रोजाना पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे हादसे और बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी जब सुनवाई नहीं हुई, तो अब क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है। नाराज निवासी जल्द ही धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर हो सकते हैं।




