ललितपुर

लर्निंग बाय डूइंग कार्यक्रम में बच्चों ने बिना गैस जलाए तैयार किए स्वादिष्ट व्यंजन

पूर्व माध्यमिक विद्यालय पनारी में बच्चों ने करके सीखना गतिविधि के तहत दिखाई रचनात्मकता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। पूर्व माध्यमिक विद्यालय पनारी में मंगलवार को लर्निंग बाय डूइंग कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के लिए विशेष गतिविधि आयोजित की गई। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बिना आग और बिना गैस जलाए भोजन एवं पेय पदार्थ तैयार करना सिखाया गया। बच्चों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में आम का जूस, तरबूज का जूस, सलाद, आम की चटनी और भेलपुरी जैसे स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए। इस दौरान बच्चों ने आपसी सहयोग और सामंजस्य के साथ मिलकर सभी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। तैयार किए गए सभी खाद्य पदार्थ स्वादिष्ट और आकर्षक रहे, जिसकी उपस्थित अतिथियों ने सराहना की। मुख्य अतिथि वीरेंद्र सोनी ने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार का माहौल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। इससे विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ व्यवहारिक ज्ञान भी प्राप्त होता है। वहीं राहुल कुशवाहा ने कहा कि समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित होने से बच्चों में करके सीखने की रुचि बढ़ती है और उनमें नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सीमा जैन ने बताया कि सरकार द्वारा संचालित कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को रटने की पद्धति से हटाकर व्यावहारिक एवं रोजगारपरक शिक्षा से जोडऩा है। यह योजना समग्र शिक्षा और पीएमश्री योजना के तहत लागू की जा रही है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में इस कार्यक्रम की शुरुआत शैक्षणिक वर्ष 2024-25 में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में 15 जिलों के 60 सरकारी विद्यालयों में की गई थी, जिसमें बच्चों की उपस्थिति और सीखने की रुचि में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली। वर्तमान में सरकार इस योजना का विस्तार करते हुए हजारों विद्यालयों में एलबीडी प्रयोगशालाएं स्थापित कर रही है। कार्यक्रम में सहायक अध्यापिका खुर्शीद बानो, नंदनी, मोहम्मद जाकिर सहित विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button