कानपुर
औद्योगिक क्षेत्र कोआपरेटिव इंडस्ट्रियल स्टेट में लगभग पाँच एकड़ क्षेत्रफल में विकसित यह उद्यान आज हजारों फलदार एवं छायादार वृक्षों
औषधीय पौधों तथा हरियाली का जीवंत उदाहरण बन चुका है

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कानपुर : वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोआपरेटिव स्टेट के चेयरमैन, प्रखर समाजसेवी एवं पर्यावरण प्रेमी विजय कपूर ने अपने पूज्य दादाजी स्व. मलिक देशराज कपूर की स्मृति में वर्ष 1999 से विकसित किए गए उद्यान में 11 उन्नत किस्म के फलदार पौधों का रोपण कर स्वस्थ पर्यावरण, शुद्ध वायु एवं स्वस्थ जीवन का संदेश देते हुए, बृक्षारोपण की शुरूआत की। विजय कपूर के नेतृत्व में महानगर के अत्यंत व्यस्त औद्योगिक क्षेत्र कोआपरेटिव इंडस्ट्रियल स्टेट में लगभग पाँच एकड़ क्षेत्रफल में विकसित यह उद्यान आज हजारों फलदार एवं छायादार वृक्षों, औषधीय पौधों तथा हरियाली का जीवंत उदाहरण बन चुका है। वर्षों के सतत प्रयासों से विकसित इस उद्यान में लगाए गए पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन भी समान रूप से किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप आज सैकड़ों वृक्ष फलों से लदे हुए हैं और सम्पूर्ण क्षेत्र को स्वच्छ वातावरण एवं भरपूर आक्सीजन प्रदान कर रहे हैं। इस अवसर पर विजय कपूर ने कहा कि उन्हें अपने पूज्य दादाजी एवं पिताजी से सेवा, संस्कार और प्रकृति संरक्षण की प्रेरणा मिली है। उन्हीं मूल्यों से प्रेरित होकर उन्होंने यह संकल्प लिया है कि इस उद्यान से प्रतिवर्ष लाखों लोगों को निःशुल्क फल उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रतिदिन इस उद्यान से प्राप्त होने वाले ताजे फल कोपेस्टेट शिक्षा सदन विद्यालय के विद्यार्थियों को वितरित किए जाते हैं, जिससे बच्चों को पौष्टिक आहार के साथ प्रकृति के प्रति अपनत्व का संदेश भी मिलता है।
उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ते प्रदूषण और शुद्ध वायु की आवश्यकता को देखते हुए पिछले कई वर्षों से संपूर्ण इंडस्ट्रियल स्टेट को हरित बनाने का अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। कोआपरेटिव स्टेट कार्यालय परिसर एवं आसपास हजारों फलदार और छायादार वृक्ष लगाए गए हैं, जो इस अभियान की सफलता के साक्षी हैं। विजय कपूर ने यह भी बताया कि उद्यान परिसर में विकसित औषधि वाटिका में आयुर्वेद में विशेष महत्व रखने वाली अनेक दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों का संरक्षण किया गया है। इन पौधों की पत्तियाँ, जड़, छाल, फल एवं अन्य उपयोगी भाग जनहित में आवश्यकता अनुसार निःशुल्क उपलब्ध कराए जाते हैं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ‘वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं, बल्कि मानव जीवन का आधार हैं। स्वच्छ वायु, शुद्ध जल, संतुलित जलवायु और जैव विविधता के संरक्षण के लिए वृक्षों का होना अत्यंत आवश्यक है।’ उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों के इस दौर में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनका संरक्षण भी पूरी जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करे। वृक्षारोपण अभियान केवल पौधा लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि धरती माँ के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का दायित्व निभाए, तो प्रदेश और देश को हरित एवं समृद्ध बनाने का लक्ष्य सहजता से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी उतनी ही निष्ठा से किया जाए। वन महोत्सव सप्ताह जनसामान्य को प्रकृति के प्रति अपने कर्तव्यों का बोध कराने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। वही विजय कपूर ने सभी उद्योगपतियों, उद्यमियों एवं नागरिकों से पौधारोपण अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से डा. अनूप सचान, यशपाल सचान, विनोद मकानी, जगमोहन, राजकुमार, सुमित ग्रोवर, सतपाल गेरा, अंकुर खन्ना सहित अनेक उद्योगपति एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



