दिल्लीराजनीतिराष्ट्रीय

मुफ्त बस यात्रा से लेकर खाते में रुपये तक

रक्षाबंधन पर बहनों को क्या-क्या दे रहीं राज्य सरकारें?

नई दिल्ली : रक्षाबंधन पर राज्यों की घोषणाओं में सिर्फ मुफ्त सफर ही नहीं, बल्कि सीधे आर्थिक मदद का भी बड़ा हिस्सा है। अलग-अलग राज्यों में महिलाओं और महिला कर्मियों के लिए सहायता राशि, सम्मान निधि और योजनाओं की किस्त जारी की गई है। ऐसे में जानते हैं, इस रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए राज्यों ने क्या-क्या इंतजाम किए हैं।
रक्षाबंधन के मौके पर देश के कई राज्यों की सरकारों ने महिलाओं के लिए अलग-अलग सौगातों का एलान किया है। कहीं बहनों को भाई के पास जाने के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है, तो कहीं महिलाओं के बैंक खाते में आर्थिक सहायता की किस्त पहले ही पहुंचा दी गई है। कुछ राज्यों में महिला कर्मचारियों के लिए अलग से राशि जारी की गई है। आइए जानते हैं, रक्षाबंधन पर किस राज्य में महिलाओं को क्या मिला है।
दिल्ली में रक्षाबंधन से पहले महिलाओं के लिए दिल्ली लक्ष्मी योजना का लाभ देना शुरू किया गया है। तालकटोरा स्टेडियम में करीब पांच हजार पात्र महिलाओं को योजना की पहली किस्त के फाइनल वेरिफिकेशन और स्वीकृति पत्र दिए गए। इनमें 2500 महिलाएं स्टेडियम पहुंचीं। सरकार के मुताबिक पहली किस्त के 2500 रुपये एक सितंबर से लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए पहुंचने शुरू होंगे।
दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए करीब 9.22 लाख महिलाओं ने आवेदन किया है। इनमें पहले चरण में करीब पांच हजार महिलाओं की जांच और जरूरी वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें पात्र पाया गया है। सरकार के मुताबिक योजना का लाभ 17 लाख महिलाओं तक पहुंचाया जाएगा।
इसके अलावा दिल्ली में महिलाओं को डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा के लिए सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड, बालिकाओं को साइकिल उपलब्ध कराने वाली विद्या वाहिनी योजना, महिला उद्यमियों के लिए बिना गारंटी ऋण और बेटियों के आर्थिक भविष्य को मजबूत करने के लिए लखपति बिटिया योजना शामिल हैं।
बिहार: महिलाओं और छात्राओं की मुफ्त बस यात्रा
बिहार में रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं और छात्राओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी गई है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के आदेश के मुताबिक 27 और 28 अगस्त 2026 को निगम की ओर से संचालित सभी बसों में महिलाएं और छात्राएं बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। यह सुविधा बीएसआरटीसी के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया के छह क्षेत्रीय कार्यालयों के तहत चलने वाली बसों में लागू रहेगी। इन छह क्षेत्रीय कार्यालयों के अधीन आने वाले कुल 19 प्रतिष्ठानों की बसों में यह सुविधा उपलब्ध है।
उत्तर प्रदेश: महिलाओं और एक सहयोगी का मुफ्त सफर
उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन पर महिलाओं को रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है। 27 अगस्त से 29 अगस्त तक महिलाएं बिना किराया दिए बस से यात्रा कर सकेंगी। उनके साथ एक सहयोगी भी मुफ्त यात्रा कर सकेगा। सरकार ने इस दौरान महिलाओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए परिवहन, पुलिस और प्रशासन को विशेष निर्देश दिए हैं। रक्षाबंधन पर रोडवेज लखनऊ परिक्षेत्र में 979 एसी और साधारण बसें चलाने की जानकारी दी गई है।
इसके साथ ही 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए आजीवन मुफ्त बस यात्रा की सुविधा शुरू की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ह्यलोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्राह्ण योजना की शुरूआत की है। इसके तहत 60 साल से अधिक उम्र की पात्र महिलाओं को परिवहन निगम की ओर से विशेष स्मार्ट कार्ड दिए जाएंगे। सरकार के अनुमान के मुताबिक रोजाना करीब 88,438 महिला यात्रियों को इसका लाभ मिल सकता है। इस सुविधा से सरकार पर हर महीने करीब 22.55 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आएगा।
राजस्थान: आंगनबाड़ी कार्यकतार्ओं को 1100 रुपये
राजस्थान में रक्षाबंधन के मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकतार्ओं, सहायिकाओं और साथिनों को आर्थिक सहायता दी गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभी पात्र महिला कर्मियों के बैंक खातों में 1100-1100 रुपये की राशि ट्रांसफर की। सरकार ने इस मद में कुल 14.65 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
मध्य प्रदेश: लाडली बहना की 39वीं किस्त और शगुन
मध्य प्रदेश में रक्षाबंधन से पहले लाडली बहना योजना की 39वीं किस्त जारी की गई है। योजना की शुरूआत मार्च 2023 में हुई थी। इसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाती है। शुरूआत में महिलाओं को 1000 रुपये प्रति माह दिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर 1500 रुपये प्रति माह किया गया। रक्षाबंधन जैसे खास मौकों पर नियमित किस्त के अलावा अतिरिक्त शगुन राशि भी दी जाती रही है। इस तरह 250 रुपये की अतिरिक्त राशि के साथ कुल सहायता 1750 रुपये तक पहुंची है। इसके अलावा राजधानी भोपाल में रक्षाबंधन के दिन सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा भी रहेगी।
झारखंड: मंईयां सम्मान योजना के 2500 रुपये
झारखंड सरकार ने रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की अगस्त महीने की राशि जारी की है। इसके तहत लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में आधार आधारित डीबीटी के जरिए 2500 रुपये भेजे गए हैं। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की शुरूआत 18 अगस्त 2024 को की गई थी।
छत्तीसगढ़: महतारी वंदन की 31वीं किस्त
छत्तीसगढ़ सरकार ने रक्षाबंधन से पहले महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी कर दी है। पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1000 रुपये पहुंचाए जा रहे हैं। महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है।
हरियाणा: महिलाओं और 15 साल तक के बच्चों का मुफ्त सफर
हरियाणा में रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है। यह सुविधा 27 अगस्त दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 28 अगस्त की मध्यरात्रि तक लागू रहेगी। महिलाओं के साथ 15 साल तक के बच्चे भी हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। सरकारी जानकारी के मुताबिक यह सुविधा हरियाणा में एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के अलावा दिल्ली और चंडीगढ़ की यात्रा के लिए भी मान्य है।
पंजाब: सत्कार सखियों को 52.20 करोड़ रुपये
पंजाब में रक्षाबंधन के मौके पर 1.37 लाख सत्कार सखियों को 52.20 करोड़ रुपये की सम्मान राशि ट्रांसफर की गई है। सरकार के मुताबिक, अब तक इस योजना के तहत 76.11 लाख महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है। इनमें से 68.06 लाख महिलाओं के खातों में 2381 करोड़ रुपये पहले ही ट्रांसफर किए जा चुके हैं। राज्य सरकार ने योजना से एक करोड़ महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा है।
सत्कार सखियों को प्रत्येक पंजीकरण के लिए 300 रुपये दिए जाते हैं। सरकार के मुताबिक 18 साल से अधिक उम्र की महिला लाभार्थियों को 1000 रुपये और अनुसूचित जाति समुदाय की महिलाओं को 1500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इस योजना के लिए राज्य सरकार ने बजट में 9300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
उत्तराखंड: दो दिन मुफ्त रोडवेज यात्रा
उत्तराखंड सरकार ने रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है। 28 और 29 अगस्त 2026 को प्रदेश की महिलाएं उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक यह सुविधा प्रदेश के भीतर निगम की बसों में लागू होगी। महिलाओं को यात्रा के लिए कोई किराया नहीं देना होगा।
हिमाचल प्रदेश: सरकारी छुट्टी और मुफ्त बस यात्रा
हिमाचल प्रदेश में रक्षाबंधन के मौके पर इस बार सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए अवकाश रहेगा। पहले रक्षाबंधन पर केवल महिलाओं को छुट्टी दी जाती थी, लेकिन अब प्रदेशभर में सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए अवकाश रहेगा। इसके साथ ही 28 अगस्त को महिलाएं प्रदेश के भीतर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। यह सुविधा सूर्योदय से सूर्यास्त तक लागू रहेगी। यानी महिलाएं रक्षाबंधन के दिन सरकारी बस से अपने भाइयों के घर जाने के लिए बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी।
ओडिशा: मुफ्त बस यात्रा के साथ 5000 रुपये की किस्त
ओडिशा में रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को दो तरह की राहत दी गई है। 27 अगस्त को राज्य के प्रमुख शहरों में चलने वाली ह्यआमह्ण बसों में महिलाएं मुफ्त यात्रा की छूट रही। यह सुविधा भुवनेश्वर, कटक, पुरी, राउरकेला, संबलपुर, ब्रह्मपुर और केंदुझर में लागू होगी। सरकार को उम्मीद है कि एक दिन में करीब एक लाख महिला यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा।
इसके अलावा राज्य सरकार रक्षाबंधन पर सुभद्रा योजना की पांचवीं किस्त जारी कर रही है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को सालाना 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि साल में दो बराबर किस्तों में दी जाती है। पहली 5000 रुपये की किस्त रक्षाबंधन पर और दूसरी 5000 रुपये की किस्त 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button