दुर्गा पूजा एवं दशहरा के मद्देनजर बरहरवा एवं बरहेट में खाद्य सुरक्षा विभाग का संयुक्त जांच अभियान,12खाद्य नमूने संग्रहित

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहिबगंज जिले में दुर्गा पूजा एवं दशहरा त्योहारों के मद्देनजर आमजनों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त दीपक कुमार दुबे के निदेशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा बरहरवा एवं बरहेट प्रखंड के विभिन्न होटलों,किराना दुकानों तथा मिठाई दुकानों में संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।यह अभियान गोड्डा की खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्वेता अमृता लकड़ा तथा साहिबगंज के खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी आशीष कुमार वर्मा एवं नौरंगदेव कुमार के संयुक्त नेतृत्व में संचालित किया गया।जांच के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता,खाद्य सुरक्षा मानकों, साफ-सफाई की स्थिति तथा आवश्यक एफएसएसएआई लाइसेंस एवं पंजीकरण की जांच की गई।खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की पुष्टि के लिए संयुक्त जांच दल द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल12 खाद्य नमूने संग्रहित किए गए। इनमें10प्रवर्तन नमूने Enforcement Samples तथा2निगरानी नमूने Surveillance Samplesशामिल हैं।संग्रहित नमूनों को गुणवत्ता एवं सुरक्षा की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला जांच के परिणामों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री में निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें।मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों में कृत्रिम अथवा हानिकारक रंगों का प्रयोग किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।साथ ही दुकानों, रसोईघरों तथा खाद्य पदार्थों के भंडारण स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की हिदायत दी गई।खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम,2006के प्रावधानों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट,हानिकारक रंगों का प्रयोग, अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री का निर्माण अथवा बिक्री तथा आवश्यक लाइसेंस एवं पंजीकरण संबंधी नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



