बागपत

माफिया धर्मेंद्र किरठल पर प्रशासन का शिकंजा

बागपत में 3.50 करोड़ की कृषि भूमि कुर्क

गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई, 8,130 वर्गमीटर जमीन प्रशासन ने की कुर्क; पुलिस के अनुसार अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई थी संपत्ति
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। संगठित अपराध और अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बागपत पुलिस-प्रशासन ने कुख्यात धर्मेंद्र उर्फ धर्मेंद्र किरठल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रमाला और छपरौली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गैंगस्टर एक्ट के तहत करीब 3.50 करोड़ रुपये कीमत की 8,130 वर्गमीटर कृषि भूमि कुर्क की है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी बागपत के आदेश के बाद की गई।
दो भूखंडों पर हुई कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक कुर्क की गई कृषि भूमि में 5,880 वर्गमीटर और 2,250 वर्गमीटर के दो भूखंड शामिल हैं। इनकी कुल कीमत करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है। प्रशासन का आरोप है कि उक्त संपत्ति अपराध से अर्जित धन से बनाई गई थी, जिसके चलते गैंगस्टर एक्ट के प्रावधानों के तहत इसे कुर्क किया गया।
55 मुकदमों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र किरठल प्रदेश स्तर पर चिन्हित अपराध माफिया और डी-3 गैंग का सरगना है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 55 आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, धमकी, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक षड्यंत्र के साथ गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और गुंडा एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।
पुराने पुलिस रिकॉर्ड में भी धर्मेंद्र किरठल के खिलाफ हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमों का उल्लेख मिलता है। वर्ष 2020 में भी उसकी करीब 59.63 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क की गई थी।
अपराध से अर्जित संपत्ति पर लगातार कार्रवाई
बागपत पुलिस का कहना है कि अपराधियों द्वारा अवैध गतिविधियों से अर्जित धन से बनाई गई संपत्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत धर्मेंद्र किरठल की संपत्तियों की भी जांच की गई और कृषि भूमि को कुर्क करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार संगठित अपराध से जुड़े लोगों की आर्थिक गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है, ताकि अपराध के जरिए बनाई गई संपत्ति को कानून के दायरे में लाकर कार्रवाई की जा सके।
पहले भी हो चुकी है संपत्ति कुर्क
धर्मेंद्र किरठल के खिलाफ संपत्ति कुर्की की कार्रवाई पहली बार नहीं हुई है। अक्टूबर 2020 में भी प्रशासन ने उसके तीन मकान और एक ममटी को कुर्क किया था, जिसकी कुल कीमत करीब 59.63 लाख रुपये बताई गई थी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button