शामली
खोडसमा की टीम ने बल्लामाजरा की टीम को हराकर जीता क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना : क्षेत्र के बल्लामाजरा गांव में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बल्लामाजरा और खोडसमा की टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में खोडसमा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नौ ओवर में लक्ष्य हासिल कर खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम को 21 हजार रुपये और शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 12-12 ओवरों का निर्धारित किया गया था। टॉस जीतकर बल्लामाजरा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 12 ओवर में शानदार बल्लेबाजी करते हुए खोडसमा के सामने 96 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी खोडसमा की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के स्टार खिलाड़ी नितिन और इलू महज तीन-तीन रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद टीम पर दबाव बढ़ गया।
हालांकि अजय और घोलू ने जिम्मेदारी संभाली और शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। दोनों खिलाड़ियों ने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए खोडसमा की टीम को नौ ओवर में ही जीत दिला दी। जीत के बाद खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
आयोजकों की ओर से विजेता खोडसमा की टीम को 21 हजार रुपये नकद पुरस्कार और शील्ड प्रदान की गई। वहीं उपविजेता बल्लामाजरा की टीम को 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि राठी खाप के थांबेदार बाबा कालूराम राठी और मैनपाल ऊदपुर मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया।
