थानों में लगे बोर्ड, दलालों की एंट्री पर रोक
एसपी केके बिश्नोई का सख्त संदेश—सिफारिश नहीं, फरियादी की सीधे सुनी जाएगी बात

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बिजनौर : जिले में एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के चार्ज संभालने के बाद पुलिस व्यवस्था में बदलाव दिखाई देने लगा है। थानों की कार्यशैली में सुधार के साथ अब थानों के मुख्य गेट पर “दलालों का प्रवेश वर्जित है। लिखे फ्लेक्सी बोर्ड लगाए गए हैं। इन बोर्डों के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है।कि थानों में दलाली और सिफारिश के लिए कोई जगह नहीं होगी।
एसपी के निर्देश के बाद जिले के विभिन्न थानों के मुख्य गेट पर लगाए गए इन बोर्डों को पुलिस की कार्यप्रणाली में बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब फरियादी अपनी शिकायत लेकर सीधे थाने पहुंचेगा और उसकी समस्या को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा।और एसपी केके बिश्नोई ने जिले का कार्यभार संभालने के बाद थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। कि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच के नाम पर शिकायतों को लंबित रखने और फरियादियों को परेशान करने पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। लेकिन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को यह भी संदेश दिया गया है। कि किसी बाहरी व्यक्ति या सिफारिश के दबाव में काम करने के बजाय नियम और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। फरियादी को पुलिस सहायता के लिए किसी दलाल या सिफारिशकर्ता की जरूरत न पड़े, इस दिशा में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
एसपी के इस सख्त रुख के बाद जिले के पुलिस महकमे में भी हलचल है। माना जा रहा है कि थानों के गेट पर लगे “दलालों का प्रवेश वर्जित” के बोर्ड पुलिस की बदली हुई कार्यशैली और पारदर्शी व्यवस्था का संदेश देने का काम करेंगे।


