बरेली
श्री बाबा ब्रह्मदेव सेवा ट्रस्ट ने धूमधाम से किया गणेश विसर्जन
नौ दिवसीय महोत्सव का भव्य समापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। श्री बाबा ब्रह्मदेव सेवा ट्रस्ट द्वारा ब्रह्मदेव मंदिर, बांके की छावनी में आयोजित नौ दिवसीय गणेश महोत्सव का भव्य गणेश विसर्जन शोभायात्रा के साथ समापन हुआ। महोत्सव के अंतिम दिन भगवान गणेश की आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के साथ शामिल हुए। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए रामगंगा तट पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
ट्रस्ट की अध्यक्ष अनिता कुमारी ने बताया कि पूरे नौ दिनों तक मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना, आरती, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अर्जुन, संजय राजपूत, अभय, कुणाल, हर्षदीप, शिव कुमार, लकी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



