ललितपुर
जखौरा पुलिस ने 17 लाख की अवैध आतिशबाजी पकड़ी, दो गिरफ्तार
स्कार्पियो कार से तीन कार्टून और दो बोरियों में मिले विभिन्न प्रकार के पटाखे

बिक्री के 84 हजार रुपये भी बरामद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। दीपावली के मद्देनजर अवैध आतिशबाजी और विस्फोटक सामग्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जखौरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न प्रकार के अवैध पटाखे, एक स्कार्पियो कार और आतिशबाजी की बिक्री से प्राप्त 84 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सामग्री और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई है। थाना जखौरा क्षेत्र के राजघाट तिराहे पर चेकिंग के दौरान स्कार्पियो कार संख्या यू.पी. 94 ए.एच. 6087 को रोककर तलाशी ली गई। कार से तीन कार्टून और दो प्लास्टिक की बोरियों में विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी एवं विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने कार को सीज करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांधीनगर नई बस्ती निवासी सत्यम जैन पुत्र संदीप जैन और अरविंद जैन पुत्र विनोद कुमार जैन के रूप में हुई है। एसपी संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन, एएसपी कालू सिंह तथा सीओ सदर अजय कुमार के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना जखौरा के प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार मय पुलिस टीम शामिल रहे। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए गए। इनमें चोरसा क्रेक्सी पटाखे के 123 पैकेट, हिना फुलझड़ी के 10 पैकेट, बटरफ्लाई पटाखे के पांच डिब्बे, चकर घिन्नी के 10 डिब्बे, स्पेशल चकर घिन्नी के 48 डिब्बे, शद्दाम पटाखे के 10 डिब्बे, जी बूमबा के छह डिब्बे, लैला-मजनू अनार के आठ डिब्बे, सुतली बम के आठ डिब्बे, स्टार डीलक्स के 10 डिब्बे, 12 स्टार लेमन के चार डिब्बे, रोल कैप्स के 10 डिब्बे, महताब के 10 डिब्बे, हेलीकॉप्टर पटाखे के 10 डिब्बे और स्काई शॉट पटाखे के तीन डिब्बे शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दूसरे कार्टून से फुलझड़ी के 50 डिब्बे तथा तीसरे कार्टून से लड़ी पटाखे के आठ डिब्बे, लैपर्ड पटाखे के 31 डिब्बे, सांप टिक्की का एक डिब्बा, अनार के 29 पैकेट, देरका पटाखे के 10 पैकेट और सुतली बम के आठ पैकेट बरामद किए गए।



