उत्तर प्रदेशराजनीतिराष्ट्रीय

सीएम योगी बोले- प्रयागराज की धूमिल छवि बदली

माफिया पर कार्रवाई से विकसित हुआ बेहतर माहौल

प्रयागराज । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रयागराज आस्था, शिक्षा और न्याय की धरती है। कभी माफिया के कारण इसकी छवि धूमिल हो गई थी, लेकिन प्रदेश सरकार ने कानून-व्यवस्था में सुधार के साथ विकास को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलीं और प्रयागराज ने भव्य महाकुंभ के आयोजन से दुनिया में अपनी पहचान मजबूत की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज के एक चुनावी सम्मेलन में समाजवादी पार्टी (सपा) की पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों के दौर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जाता था। उन्होंने कहा कि उस समय न तो समय पर नौकरियां निकलती थीं और यदि विज्ञापन आ भी जाते थे, तो वसूली का दौर शुरू हो जाता था। अयोग्य लोगों को आयोगों में महत्वपूर्ण पदों पर बैठाकर युवाओं के अधिकारों पर डाका डाला गया, लेकिन डबल इंजन की सरकार ने पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और योग्यता के आधार पर युवाओं को नौकरियां प्रदान की हैं।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि आज प्रयागराज के युवा और प्रतियोगी छात्र पूरी मुस्तैदी और मेहनत के साथ विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हैं। डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में पारदर्शी चयन प्रक्रियाओं के जरिए बड़े पैमाने पर युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जिससे युवाओं का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल जॉब सीकर नहीं रहा, बल्कि विभिन्न स्टार्टअप्स के माध्यम से वह जॉब गिवर भी बन रहा है।
डबल इंजन की सरकार ने माफिया को मिट्टी में मिलाया
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिन लोगों ने प्रयागराज और प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था, डबल इंजन सरकार ने उन्हें पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया है। आज प्रयागराज की धरती पर माफिया मिट्टी में मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि जब यूपीएससी के परिणाम आते हैं, तो प्रयागराज की बेटियां टॉप करके इस पावन नगरी के गौरव को और अधिक बढ़ाती हैं। सरकार ने युवाओं के लिए न केवल सरकारी नौकरियों के द्वार खोले हैं, बल्कि स्टार्टअप्स और मुख्यमंत्री युवा योजना के जरिए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का भी काम किया है।
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक विधान परिषद चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए समर्थित प्रत्याशी अशोक राठौर को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने मतदाताओं से आह्वान किया कि वे 23 अक्तूबर को होने वाले मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में अपना मत दें। इस कार्यक्रम में उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, राज्य मंत्री कृष्णा पासवान, सांसद प्रवीण पटेल, राज्यसभा सांसद राधामोहन दास ओझा, महापौर गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह और विधान परिषद सदस्य मानवेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
महापुरुषों को सम्मान देने पर जोर-मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके सम्मान और स्मृति को बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू के नाम पर संस्थानों के निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के इतिहास में अन्य महापुरुषों के योगदान को भी उचित स्थान मिलना चाहिए। उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
राधाकांत ओझा के समर्थन में अधिवक्ताओं का उत्साह-कार्यक्रम में राधाकांत ओझा के राज्यसभा सदस्य बनने के संदर्भ में अधिवक्ताओं के उत्साह का भी उल्लेख किया गया। कहा गया कि बड़ी संख्या में अधिवक्ता इस उपलब्धि से प्रसन्न हैं। कार्यक्रम में अधिवक्ता समुदाय की भागीदारी को प्रयागराज की न्यायिक और विधिक परंपरा से जोड़कर देखा गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button