ईंट उद्योग की समस्याओं को लेकर सन्नी चौधरी की अगुवाई में सांसद चंदन चौहान को सौंपा ज्ञापन
जयंत चौधरी से जल्द मुलाकात का मिला भरोसा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सहारनपुर। ईंट उद्योग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिला ईंट निर्माता समिति, सहारनपुर के जिलाध्यक्ष सन्नी चौधरी के नेतृत्व में जयंत चौधरी से मुलाकात का कार्यक्रम निर्धारित था। हालांकि, आवश्यक कारणों से जयंत चौधरी को सुबह ही आवास से रवाना होना पड़ा। इस कारण उन्होंने अपने प्रतिनिधि के रूप में बिजनौर से राष्ट्रीय लोकदल के सांसद चंदन चौहान को ज्ञापन प्राप्त करने के लिए भेजा।
चंदन चौहान ने ईंट निर्माता भाइयों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने फोन के माध्यम से जयंत चौधरी से भी वार्ता कराई। बातचीत में ईंट उद्योग की प्रमुख समस्याओं पर चर्चा हुई तथा जल्द ही मुलाकात करने के संबंध में भी सकारात्मक बातचीत हुई।
इस अवसर पर ओमबीर चौधरी, अमित पंवार, संजय राणा, सत्तार चौधरी, वेशर चौधरी, हाजी जुल्फाज और बिलाल राणा सहित ईंट उद्योग से जुड़े अन्य साथी मौजूद रहे। सभी ने उद्योग की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर प्रयास करने पर जोर दिया।
ईंट उद्योग की समस्याओं के समाधान की उम्मीद
जिला ईंट निर्माता समिति, सहारनपुर के जिलाध्यक्ष सन्नी चौधरी ने विश्वास जताया कि माननीय जयंत चौधरी ईंट निर्माता भाइयों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल करेंगे। उन्होंने कहा कि ईंट उद्योग से जुड़े व्यापारियों के सम्मान, अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए समिति निरंतर प्रयासरत है।
सन्नी चौधरी ने कहा कि ईंट निर्माता भाइयों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करना समिति की प्राथमिकता है। उन्होंने संगठन की एकता पर जोर देते हुए कहा कि एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और सभी ईंट निर्माता भाइयों के हितों के लिए प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।



