गोड्डा
पोड़ैयाहाट विधायक की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री वैवेकिक अनुदान मद से 8 जरूरतमंदों को मिली ₹3.20 लाख की आर्थिक सहायता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे पीड़ितों, सड़क दुर्घटना में घायल परिवारों तथा आर्थिक तंगी के कारण पठन-पाठन जारी रखने में असमर्थ विद्यार्थियों की मदद के लिए विधायक प्रदीप यादव ने तत्परता दिखाते हुए आर्थिक संबल प्रदान किया है। क्षेत्र के विभिन्न पीड़ित परिवारों द्वारा आर्थिक सहायता हेतु दिए गए आवेदनों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए विधायक प्रदीप यादव ने राज्य सरकार से इनकी अनुशंसा की थी।
उनकी अनुशंसा के आलोक में माननीय मुख्यमंत्री वैवेकिक अनुदान मद / मुख्यमंत्री राहत कोष से कुल 8 लाभुकों के लिए ₹3,20,000/- (तीन लाख बीस हजार रुपये) की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई। स्वीकृत राशि के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के डिमांड ड्राफ्ट (चेक) विधायक प्रदीप यादव द्वारा संबंधित लाभुकों एवं उनके परिजनों को विधिवत सौंपे गए।
आर्थिक सहायता पाने वाले लाभुकों में यशोदा देवी (कोडरमा) : कैंसर के गंभीर इलाज हेतु ₹40,000/- का ड्राफ्ट प्रदान किया गया।
हीरालाल साह (गोड्डा) : किडनी एवं शुगर की गंभीर बीमारी के इलाज हेतु ₹40,000/- की सहायता दी गई। सविता सोरेन (साहेबगंज) : चिकित्सीय उपचार एवं ऑपरेशन हेतु ₹35,000/- का चेक दिया गया। देवनारायण पंडित (दुमका) : दोनों किडनी की गंभीर समस्या के इलाज हेतु ₹40,000/- की सहायता सौंपी गई। मुकेश कुमार सक्सेना (गोड्डा) : सड़क दुर्घटना में घायल पारा शिक्षक एवं उनकी पत्नी के इलाज खर्च हेतु ₹40,000/- प्रदान किए गए। अभिषेक कुमार (गोड्डा) : पिता के असामयिक निधनोपरांत दोनों भाइयों की उच्च शिक्षा जारी रखने हेतु ₹50,000/- का ड्राफ्ट दिया गया। सविता देवी (पाकुड़) : पति के असामयिक निधन के बाद बच्चों के भरण-पोषण एवं पढ़ाई के लिए ₹40,000/- की सहायता दी गई। नारायण साह (गोड्डा) : 14 वर्षीय पुत्र के गंभीर आंत संबंधी ऑपरेशन में हुए खर्च में राहत हेतु ₹35,000/- सौंपे गए। इस अवसर पर विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि जनता के सुख-दुख में हर वक्त उनके साथ खड़े रहना और असहायों को संबल दिलाना ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने जरूरतमंदों के प्रति इस संवेदनशील एवं त्वरित सहयोग के लिए राज्य सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार प्रकट किया, साथ ही सभी मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य का कामना किया।



