बालाघाट

हीरापुर विष्णुधाम मंदिर में आज निकलेगी कलश यात्रा

26 अक्टूबर से श्री हनुमंत कथा

25 से 29 अक्टूबर तक होंगे धार्मिक आयोजन; दुर्गा पंडाल प्रतियोगिता के विजेताओं का होगा सम्मान, शाम को सुंदरकांड और खीर प्रसाद वितरण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 

बालाघाट। मॉयल नगरी भरवेली के समीप ग्राम पंचायत हीरापुर स्थित श्री सिद्धपीठ विष्णुधाम मंदिर में रविवार, 25 अक्टूबर को भव्य कलश यात्रा के साथ धार्मिक आयोजनों का शुभारंभ होगा। मंदिर ट्रस्ट की ओर से भगवान हनुमान की 205 फीट ऊंची प्रतिमा की स्थापना और भव्य मंदिर निर्माण के संकल्प को लेकर 25 से 29 अक्टूबर तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

आयोजन के तहत रविवार सुबह 10 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह ग्राम के प्रमुख मार्गों से होते हुए विष्णुधाम मंदिर परिसर में पहुंचकर संपन्न होगी। इसके बाद धार्मिक संगोष्ठी, मां दुर्गा पंडाल प्रतियोगिता के विजेता मंडलों को पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। शाम 7 बजे संगीतमय सुंदरकांड पाठ होगा। शरद पूर्णिमा के अवसर पर रात्रि में अमृत खीर प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष किरण भाई त्रिवेदी ने बताया कि 26 से 29 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 7 बजे तक श्री हनुमंत कथा का वाचन बागेश्वर धाम सरकार पं. धीरेन्द्र शास्त्री के कृपापात्र आचार्य रोहित रिछारिया द्वारा किया जाएगा। 26 अक्टूबर को कथा में हनुमान जन्मोत्सव लीला का वर्णन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शारदेय नवरात्रि के दौरान आयोजित मां दुर्गा पंडाल प्रतियोगिता में निर्णायकों द्वारा चयनित प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली समितियों को सम्मानित किया जाएगा। ट्रस्ट का उद्देश्य सनातन संस्कृति के संरक्षण, धार्मिक चेतना के विस्तार तथा भक्ति और सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

त्रिवेदी के अनुसार, भगवान हनुमान की 205 फीट ऊंची प्रतिमा की स्थापना के संकल्प के तहत देश की प्रमुख नदियों का जल और रज भी लाया गया है। मंदिर परिसर में सावन के दौरान विशाल कांवड़ यात्रा तथा पूरे श्रावण मास में अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया था। मां नर्मदा के उपासक पूज्य दादा गुरु भी मंदिर पहुंचकर आध्यात्मिक प्रवचन दे चुके हैं।

मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष ने सभी धर्मप्रेमियों से कलश यात्रा एवं आगामी धार्मिक आयोजनों में शामिल होने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button