कानपुर

मातृछाया गुरुकुलम में हुआ 150 फलदार पौधों का रोपण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

कानपुर : पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नमामि गंगे एवं रीवैंप इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से बिठूर स्थित रॉयल ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज तथा मातृछाया गुरुकुलम में पौधरोपण एवं प्लास्टिक संग्रह अभियान आयोजित किया गया। रॉयल ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज में आयोजित प्लास्टिक संग्रह अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों ने अपने घरों से प्लास्टिक एकत्र कर विद्यालय में जमा किया। एकत्रित प्लास्टिक को उचित रिसाइक्लिंग के उद्देश्य से रीसाइक्लोप्लास्ट के माध्यम से संग्रहित कराया गया। विद्यार्थियों के इस पर्यावरण हितैषी प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें उपहार स्वरूप पौधे प्रदान किए गए। बच्चों को प्रेरित किया गया कि वे इन पौधों को अपने मित्र की तरह समझें, उनकी नियमित देखभाल करें तथा उनके विकास की जिम्मेदारी निभाएं। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में प्लास्टिक प्रदूषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। विद्यालय में यह कार्यक्रम जिला परियोजना अधिकारी, नमामि गंगे, श्री शशांक शुक्ला के संरक्षण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की प्रधानाचार्या सपना सिंह की देखरेख में किया गया।

इसके पश्चात मातृछाया गुरुकुलम में रीवैंप इंडिया फाउंडेशन की ओर से 150 फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस अभियान में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। गुरुकुलम में पौधरोपण कार्यक्रम निखिल बाजपेयी के संरक्षण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर रीवैंप इंडिया फाउंडेशन की ओर से श्रेया एवं नंदिश भी उपस्थित रहे। इस संयुक्त पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवनभर निभाई जाने वाली जिम्मेदारी है। प्लास्टिक को कचरा समझकर फेंकने के बजाय उसका उचित संग्रह एवं पुनर्चक्रण करना और अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करना ही हरित एवं स्वच्छ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button