सिंगरौली
मंदिर का ताला तोड़कर पीतल का घंटा चुराने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
जियावन पुलिस ने किया चोरी का खुलासा, करीब 11 हजार रुपये कीमत का घंटा बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र में मंदिर का ताला तोड़कर पीतल का घंटा चोरी करने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया घंटा भी बरामद कर लिया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, फरियादी मुकेश कुमार तिवारी (38), निवासी कंदवा, थाना रामपुर बघेलान, जिला सतना, वर्तमान में वन परिक्षेत्र कार्यालय जियावन में पदस्थ हैं। उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 और 26 अक्टूबर की दरमियानी रात मंदिर का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्तियों ने करीब 11,000 रुपये कीमत का पीतल का घंटा चोरी कर लिया। चोरी की घटना रात 11 बजे से सुबह 7 बजे के बीच हुई थी। फरियादी ने मोहम्मद हसनैन और पवन साहू पर संदेह जताया था।
शिकायत के आधार पर जियावन पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेशचन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदेहियों से पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मोहम्मद हसनैन ने अपने साथी पवन साहू के साथ मिलकर चोरी करने की बात स्वीकार की। दोनों की निशानदेही पर कॉलेज के आगे पुल के पास स्थित एक पुराने खंडहरनुमा मकान से चोरी किया गया पीतल का घंटा बरामद किया गया।
पुलिस ने मोहम्मद हसनैन (22), पिता मोहम्मद सिराजुद्दीन, निवासी सुपेला तथा पवन साहू (30), पिता रामधनी साहू, निवासी धनहा, थाना जियावन, जिला सिंगरौली को गिरफ्तार कर न्यायालय देवसर में पेश किया। वहां से जेल वारंट जारी होने के बाद दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
चोरी के मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी राजेशचन्द्र मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक तेजबहादुर सिंह, प्रधान आरक्षक बृजेश सिंह, प्रधान आरक्षक प्रतीक कुमार, आरक्षक प्रभात कुमार दुबे, आरक्षक रूपेश अलावा और महिला आरक्षक प्रतिमा टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



